पलामू। नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी में अधिकारियों के इस्तीफे का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। रजिस्ट्रार डॉ. नफीस अहमद के बाद अब परीक्षा विभाग के कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उनका इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया गया है।

गौरव श्रीवास्तव विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें परीक्षा विभाग के कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने अपना इस्तीफा रजिस्ट्रार को भेजा है। श्रीवास्तव ने इस्तीफे के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है। उनका कहना है कि वे अपने मूल पद यानी असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में काम करना चाहते हैं।

परीक्षा व्यवस्था की कई जिम्मेदारियां संभाल रहे थे

परीक्षा विभाग में कोऑर्डिनेटर के तौर पर गौरव श्रीवास्तव के पास कई अहम जिम्मेदारियां थीं। परीक्षा के आयोजन, रूटिंग और रिजल्ट से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य उनकी देखरेख में होते थे। ऐसे में उनके पद छोड़ने की खबर के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कुछ ही दिनों में दूसरा बड़ा इस्तीफा

नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी में कुछ ही दिनों के भीतर दूसरे वरिष्ठ अधिकारी के इस्तीफे से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले रजिस्ट्रार डॉ. नफीस अहमद ने भी इस्तीफा दिया था। विश्वविद्यालय के अंतर्गत पलामू, गढ़वा और लातेहार के डिग्री कॉलेज आते हैं, जहां हजारों विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं।

समय पर परीक्षा और रिजल्ट जारी करना चुनौती

विश्वविद्यालय के सामने पहले से ही निर्धारित समय पर परीक्षा आयोजित कराने और रिजल्ट जारी करने की चुनौती बनी हुई है। ऐसे में परीक्षा विभाग के कोऑर्डिनेटर के इस्तीफे से व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

आजसू छात्र संगठन ने भी चिंता जताते हुए कहा है कि कोऑर्डिनेटर के इस्तीफे से परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। संगठन के मुताबिक, समय पर परीक्षाएं आयोजित कराना और परिणाम जारी करना विश्वविद्यालय के लिए अब बड़ी चुनौती हो सकती है।