सुनील सम्भ्रवाल, रतिया। उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छुक छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक प्रथम वर्ष (बीए और बीकॉम) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जून 2026 कर दी है। इस फैसले से उन छात्राओं को बड़ा फायदा मिलेगा, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सकी थीं।

यह जानकारी शहीद दविन्द्र सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, रतिया के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्राएं विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा कॉलेज परिसर में पहुंचकर भी प्रवेश प्रक्रिया संबंधी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

डॉ. राजेन्द्र कुमार ने कहा कि महाविद्यालय में छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध है। यहां अनुभवी प्राध्यापक, समृद्ध पुस्तकालय, आधुनिक कंप्यूटर लैब, खेल सुविधाएं और सुरक्षित परिसर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक और सह-पाठयक्रम गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

उन्होंने क्षेत्र की छात्राओं और अभिभावकों से बढ़ी हुई तिथि का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों और पूर्व छात्राओं से भी अधिक से अधिक छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

एडमिशन नोडल अधिकारी प्रो. रीतु ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय आवश्यक दस्तावेज तैयार रखना जरूरी है। इनमें आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र (PPP), 10वीं और 12वीं के प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (बीसी वर्ग के लिए), माइग्रेशन सर्टिफिकेट, पासपोर्ट साइज फोटो, ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर और बैंक खाता शामिल हैं।

महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि विभाग जल्द ही मेरिट सूची का नया शेड्यूल जारी करेगा। छात्राएं प्रवेश से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए 97290 66051, 8708276004 और 98025-21017 नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा कॉलेज के फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप चैनल और आधिकारिक वेबसाइट पर भी नियमित अपडेट देख सकती हैं।