कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। सरकार ने विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमियां सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई की है। विकास एवं पंचायत विभाग करनाल के दो एक्सईएन (XEN-कार्यकारी अभियंता) और एक जेई (JE-कनिष्ठ अभियंता) को निलंबित किया गया है। वहीं, पीडब्ल्यूडी (भवन एवं निर्माण) सोनीपत के एक एसडीओ (SDO-उप मंडल अधिकारी) और दो जेई पर भी गाज गिरी है। यह कार्रवाई गुणवत्ता आश्वासन प्राधिकरण (क्यूएए) की तकनीकी ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर की गई है। कई अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं।

इसके अलावा हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन की एक परियोजना में खामियां पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार से रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चंडीगढ़ में आयोजित क्यूएए समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तकनीकी ऑडिट रिपोर्ट पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकारी परियोजनाओं की योजना, डिजाइन, निर्माण और रखरखाव के हर स्तर पर गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

क्यूएए अध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने बताया कि भवन, सड़क, सिंचाई, जनस्वास्थ्य और विद्युत क्षेत्रों की कुल 64 परियोजनाओं का तकनीकी ऑडिट किया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऑडिट को महज औपचारिकता न समझा जाए, बल्कि कमियों पर सख्त कार्रवाई हो और जरूरत पड़ने पर ठेकेदारों से नुकसान की भरपाई भी कराई जाए।