राजकुमार दुबे, भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में शराब में मिलावट और अनधिकृत पैकेजिंग से जुड़े मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पहले ही आठ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। मामले में पहले ही जिला आबकारी अधिकारी मधुकल हरित श्याम और आबकारी उप निरीक्षक रानू मरकाम को निलंबित किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें: डिप्टी कलेक्टर पर दहेज उत्पीड़न का आरोप, शादी के दूसरे दिन ही पत्नी से मांगे 3 करोड़ और कार

दरअसल, 8 सितंबर 2026 को ग्राम बसंत नगर, नारायणपुर में उत्तम देवनाथ के किराए के मकान में अवैध शराब में मिलावट और अनधिकृत पैकेजिंग में इस्तेमाल की आशंका वाली सामग्री रखे जाने की सूचना पर एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भानुप्रतापपुर पुलिस ने तलाशी ली थी।

पुलिस की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में शराब की पैकेजिंग से जुड़ी सामग्री बरामद हुई, जिसमें 105 पत्ते स्टीकर और होलोग्राम, 4 हजार 409 खाली बोतलें, पौवा और अद्धी, खाली पौवा की 170 पेटियां तथा विभिन्न ब्रांडों के 3 हजार 380 ढक्कन शामिल थे। इसके अलावा जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 30 पौवा भी जब्त किए गए थे।

मामले में पुलिस ने पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा था। अब फरार चल रहे पुरुषोत्तम गुप्ता (30 वर्ष) और इंद्रजीत गुप्ता उर्फ गोलू (24 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गरियाबंद के आजाद चौक के निवासी बताए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई और आबकारी विभाग के अधिकारियों के निलंबन के बाद अब जांच में आगे क्या खुलासे होते हैं, इस पर सभी की नजरें लगी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m