अफगानिस्तान की टीम भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में बाकी दो मुकाबलों में जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी. मेरठ पहुंचे टीम के मीडिया मैनेजर नासिर ने भारत-अफगान क्रिकेट संबंधों, आईपीएल और भविष्य की योजनाओं पर बात की.
मेरठ. भारत के खिलाफ जारी तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अफगानिस्तान की टीम बाकी दोनों मुकाबलों में जीत के साथ वापसी करना चाहती है. पहला मैच भारत के नाम रहा, जबकि दूसरा मुकाबला मंगलवार और तीसरा मैच 17 सितंबर को खेला जाना है. इसी बीच अफगानिस्तान के मीडिया मैनेजर नासिर ने मेरठ में भारतीय क्रिकेट और यहां मिलने वाले खिलाड़ियों के प्यार को लेकर अपनी बात रखी.
सोमवार को नासिर विकेटकीपर बल्लेबाज नूर अहमद के साथ बीडीएम पहुंचे, जहां वे बल्ला और अन्य क्रिकेट उपकरण लेने आए थे. नासिर ने कहा कि भारत में अफगान खिलाड़ियों को जिस तरह का सम्मान और अपनापन मिलता है, वह शायद ही किसी दूसरे देश में देखने को मिलता है.
भारत में क्रिकेट का अनुभव
नासिर के मुताबिक, अफगानिस्तान इस समय भारत में ही अपनी मेजबानी में टी-20 सीरीज खेल रहा है. भारतीय परिस्थितियों और यहां के क्रिकेट माहौल से अफगान खिलाड़ी पहले से परिचित हैं.
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में अफगान क्रिकेटर आईपीएल में हिस्सा लेते हैं. इस दौरान उन्हें दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और उच्च स्तर की क्रिकेट से सीखने का मौका मिलता है, जिसका फायदा अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी मिलता है.
विराट और धोनी लोकप्रिय
नासिर ने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के क्रिकेट संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं. आईपीएल ने अफगान खिलाड़ियों को तकनीक, दबाव में प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा की बेहतर समझ हासिल करने का अवसर दिया है.
उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान में विराट कोहली और एमएस धोनी जैसे भारतीय क्रिकेटरों की काफी लोकप्रियता है. वहीं भारत में भी अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं.
युवाओं में बढ़ा क्रिकेट क्रेज
2022 में अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में पदार्पण करने वाले नूर अहमद ने बताया कि अफगानिस्तान के युवा अपने स्टार खिलाड़ियों को देखकर क्रिकेट की ओर आकर्षित हो रहे हैं. इंटर-क्लब और स्कूल स्तर से खिलाड़ी धीरे-धीरे पेशेवर क्रिकेट की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
नासिर के अनुसार, पिछले छह-सात वर्षों और खासकर पिछले दो-तीन वर्षों में अफगानिस्तान क्रिकेट में तेजी से बदलाव आया है. बड़े मंच पर टीम के प्रदर्शन का असर देश में क्रिकेट की लोकप्रियता पर भी पड़ा है.
घरेलू क्रिकेट की तैयारी
नासिर ने बताया कि काबुल में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण जारी है. अफगानिस्तान भविष्य में अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय टीमों की मेजबानी अपने घरेलू मैदानों पर करना चाहता है.
उन्होंने यह भी बताया कि अफगानिस्तान प्रीमियर लीग शुरू करने की तैयारी चल रही है. ड्राफ्ट प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी साल के अंत में मुकाबले शुरू करने की योजना है, जिसमें अफगानिस्तान के साथ विदेशी खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे.
विश्व कप जीतना लक्ष्य
नासिर ने कहा कि अफगानिस्तान के लिए टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप या टेस्ट चैंपियनशिप जीतना सबसे बड़ा लक्ष्य है. उनके मुताबिक किसी विश्व कप में खिताब हासिल करना देश के क्रिकेट इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में शामिल होगा.
उन्होंने आस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड को अफगानिस्तान का मजबूत प्रतिद्वंद्वी बताया. इन टीमों के खिलाफ मुकाबलों को लेकर अफगान प्रशंसकों में खासा उत्साह रहता है.
नूर अहमद ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों में राशिद खान और गुरबाज का नाम लिया. दुनिया के अपने आदर्श खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने केएल राहुल को चुना और उम्मीद जताई कि अगले 10 वर्षों में अफगानिस्तान क्रिकेट सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगा तथा बड़ी टीमों के खिलाफ सीरीज जीतने की क्षमता विकसित करेगा.



