सोनू वर्मा , नूंह। नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने शुक्रवार को बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु रहना अत्यंत आवश्यक है।

विधायक ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर उन्होंने 12 मई को एमडी विक्रम यादव (आईएएस) को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया था। इसके बाद बुधवार को पंचकुला में उनसे मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा भी की गई, जहां विभाग की ओर से पर्याप्त बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया गया था।

इसी क्रम में शुक्रवार को विधायक ने स्थानीय बिजली अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और जनता को गर्मी से राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

उन्होंने कहा कि नूंह 66 केवी, घासेड़ा 33 केवी, उजीना 33 केवी और मेवली 33 केवी सब-स्टेशनों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि छोटे-छोटे फॉल्ट के कारण लंबे समय तक बिजली बाधित होना गंभीर समस्या है, जिसे तुरंत दूर किया जाए।

विधायक ने यह भी कहा कि कई गांवों से शिकायतें मिली हैं कि कभी-कभी दो से तीन दिन तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉल्ट की तुरंत पहचान कर उसे ठीक किया जाए तथा खराब ट्रांसफॉर्मरों को बिना देरी के बदला जाए।

बैठक में बिजली विभाग के एक्सईएन कुलदीप यादव, एसडीओ अमित यादव सहित स्थानीय ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।