फरीदाबाद। .हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां के सेक्टर-63 स्थित एक व्यक्ति ने रिहायशी इमारत की छठी मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक दिल्ली के एक अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का इलाज करा रहा था। पुलिस ने बताया कि फरीदाबाद सेक्टर-63 की ‘टाइम रेजिडेंसी’ सोसाइटी में शशांक शेखर मिश्रा (33) रहता था। उसने एलएलबी की पढ़ाई की थी और फिलहाल बेरोजगार था।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात शशांक का अपनी मां के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगा दी।
मानसिक तौर पर परेशान था
पुलिस के मुताबिक शशांक को गंभीर हालत में पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सहायक पुलिस उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया, ”युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यदि कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है, तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

