गाजीपुर. समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुक्रवार रात उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. उनकी बेटी नूरिया अंसारी ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी सेहत की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि अब उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है. डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें कुछ दिन आईसीयू में रखा जाएगा.

इसे भी पढ़ें- इलाहाबाद हाईकोर्ट की चिंता: फर्जी उम्र प्रमाण पत्र से POCSO केस में फंस रहे युवा? स्कूलों के लिए बनेगी गाइडलाइन

बेटी नूरिया ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

नूरिया अंसारी ने अफजाल अंसारी के सोशल मीडिया हैंडल से समर्थकों के लिए संदेश साझा किया. उन्होंने पिता की सेहत के लिए दुआ करने वालों का शुक्रिया अदा किया. नूरिया ने लिखा कि उनके पिता की हालत पहले से बेहतर है और उनका इलाज चल रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अफजाल अंसारी के जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआएं जारी रखें.

कुछ दिन आईसीयू में रहेंगे अफजाल अंसारी

नूरिया के मुताबिक, डॉक्टरों की सलाह पर अफजाल अंसारी को अभी कुछ दिन आईसीयू में रखा जाएगा. अस्पताल में फिलहाल सीमित लोगों को ही उनसे मिलने की अनुमति है. परिवार चाहता है कि उन्हें आराम करने और पूरी तरह स्वस्थ होने का समय मिले. नूरिया ने समर्थकों से अस्पताल पहुंचकर भीड़ नहीं लगाने और उन्हें आराम करने देने की अपील की है.

तीन दिन से बुखार और जुकाम की थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, अफजाल अंसारी को पिछले तीन दिनों से बुखार और जुकाम की शिकायत थी. इसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं और बेचैनी भी बढ़ गई. उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिवार ने निजी डॉक्टर को बुलाया. प्राथमिक इलाज के बाद भी हालत में पर्याप्त सुधार नहीं हुआ. इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से लखनऊ लाया गया और मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया.

इसे भी पढ़ें- Census 2027: 16 नवंबर से घर बैठे करें जनगणना, 40 सवालों के देने होंगे जवाब

भतीजे अब्बास अंसारी ने भी दी थी जानकारी

अफजाल अंसारी की तबीयत खराब होने की जानकारी पहले उनके भतीजे अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर साझा की थी. फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. परिवार ने कहा है कि उनकी सेहत से जुड़ी जरूरी जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी. समर्थकों से अपील की गई है कि वे अफजाल अंसारी के स्वस्थ होने की कामना करें और उन्हें आराम करने दें.