संजय पाटीदार, भोपाल/लवकुश बैरागी, आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। विश्व प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर के समीप बरसाती नाले के उफान में कार बहने से 8 श्रद्धालुओं की हुई अकाल मौत पर शोक व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने पीड़ित परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक मदद की घोषणा की है।

ये भी पढ़ें: MP में भीषण हादसा: मां बगलामुखी मंदिर के पास नाले में बही श्रद्धालुओं से भरी कार, 8 लोगों की दर्दनाक मौत

PMO ने किया ट्वीट: “हादसा बेहद दुखद, परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं”

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान में पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा कि मध्य प्रदेश के आगर मालवा में हुआ हादसा बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

नलखेड़ा में नाले के उफान में बही थी कार, 3 बच्चों समेत 8 की हुई थी मौत

आपको बता दें कि नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास उफान मार रहे बरसाती नाले को पार करने के दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार तेज बहाव में बह गई थी। इस भीषण हादसे में 3 मासूम बच्चों, 2 महिलाओं और 3 पुरुषों समेत कुल 8 लोगों की तड़पकर मौत हो गई थी। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी 8 शवों को बाहर निकाला था।

ये भी पढ़ें: अवैध रेत उत्खनन रोकने गई खनिज विभाग की टीम पर हमलाः पथराव में सैनिक घायल, आरोपियों पर केस दर्ज

प्रशासनिक नाकामी पर उठे सवाल, कैमरे से बचकर निकले कलेक्टर

हादसे के बाद से ही क्षेत्र में भारी जनआक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले में जलस्तर और खतरा बढ़ने के बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा बैरिकेडिंग क्यों नहीं लगाई थी? घटना के बाद जब आगर मालवा कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे, तो मीडिया द्वारा सुरक्षा में चूक को लेकर पूछे गए तीखे सवालों का जवाब देने के बजाय कलेक्टर कैमरे से बचकर निकलते नजर आए। फिलहाल स्थानीय लोग हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m