हर्षराज गुप्ता, खरगोन। जिले में रेत का ठेका समाप्त होने के बावजूद नदियों से धड़ल्ले से जारी अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करने पहुंची खनिज विभाग की टीम पर खनन माफियाओं द्वारा हमले का मामला सामने आया है। शहर के समीपस्थ ग्राम माँगरूल स्थित कुंदा नदी में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने पहुंची सहायक खनिज अधिकारी प्रियंका अजनार और उनकी टीम पर उत्खननकर्ताओं ने पथराव कर दिया। इस हमले में टीम के साथ मौजूद एक सैनिक घायल हो गया है।
कार्रवाई के दौरान पथराव कर छुड़ा ले गए वाहन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंदा नदी में अवैध रेत खनन की सूचना पर सहायक खनिज अधिकारी प्रियंका अजनार अपनी टीम के साथ मौके पर कार्रवाई करने पहुंची थीं। कार्रवाई से बौखलाए अवैध उत्खननकर्ताओं ने टीम के साथ विवाद शुरू कर दिया और पथराव कर दिया। इस दौरान आरोपी मौके से जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे वाहन छुड़ाकर भागने में सफल रहे।
एक ट्रैक्टर जब्त, तीन नामजद पर केस दर्ज
घटना के बाद पुलिस व खनिज विभाग की सख्ती के चलते एक ट्रैक्टर जब्त कर जैतापुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने हमलावर आरोपी सतीश, योगेश और विशाल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ठेके खत्म होने के बाद भी बढ़ा माफियाओं का दुस्साहस
जिले की नदियों में रेत का वैध ठेका खत्म होने के बाद भी बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन जारी है। स्थानीय संरक्षण के चलते रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे कार्रवाई करने पहुंच रहे खनिज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला करने से भी नहीं कतरा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



