लवकुश बैरागी, आगर मालवा। मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के समीप शनिवार को तेज बारिश के कारण उफान पर आए बरसाती नाले को पार करते समय श्रद्धालुओं से भरी एक कार पानी के प्रचंड बहाव में बह गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।
उज्जैन दर्शन के बाद पहुंचे थे नलखेड़ा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था। वे मध्यप्रदेश के उज्जैन में महाकाल दर्शन करने के बाद नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी देवी के दरबार में माथा टेकने आए थे। लेकिन शनिवार को इलाके में हुई मूसलाधार बारिश के बाद मंदिर के पास मौजूद बरसाती नाले में जलस्तर और बहाव अचानक अत्यधिक बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी के तेज बहाव के बीच कार चालक ने नाला पार करने का प्रयास किया, लेकिन पानी के दबाव के कारण उसने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और कार बहते हुए पानी में डूब गई।
रस्सी से खींची गई कार, निकाले गए शव
घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुँच कर राहत-बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे कार को नाले के किनारे तक खींचा गया। इसके बाद कार का दरवाजा खोलकर अंदर मौजूद सभी 8 लोगों के शवों को बाहर निकाला गया। घटनास्थल पर स्थिति काफी भयावह बनी हुई है। पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतकों के नाम-पते और परिजनों की पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



