कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। Agniveer Raped Girl: एमपी के ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के शारीरिक शोषण और जहर देकर हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी अग्निवीर जवान विकास बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पंजाब के फिरोजपुर कैंट से पकड़ा है। मरने से पहले पीड़िता ने अपने मोबाइल में वीडियो बयान रिकॉर्ड किया था, जो इस मामले की जांच में अहम सबूत बना।

शादी की बात नहीं बनी तो नजदीकियां बढाकर किया शारीरिक शोषण

दरअसल, करीब तीन साल पहले सिरोल निवासी 19 वर्षीय युवती की शादी की बात विकास बघेल से चली थी। परिवारों की सहमति नहीं बन सकी, लेकिन आरोप है कि विकास ने शादी का झांसा देकर युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

अश्लील फोटो-वीडियो बनाए, गर्भपात कराया

आरोप यह भी है कि विकास ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। इसी दौरान युवती दो बार गर्भवती हुई। पुलिस के मुताबिक आरोप है कि विकास ने दबाव बनाकर दोनों बार उसका गर्भपात कराया।

जबरन पिलाया जहर

वहीं जब पीड़िता की ओर से शादी के लिए लगातार दबाव बनाने पर 7 अगस्त को विकास ने युवती को सिरोल के एक कैफे में बुलाया। यहां उसने जबरन युवती को जहर पिला दिया और मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गया। युवती ने किसी तरह अपने ममेरे भाई को फोन कर मदद मांगी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन करीब 24 घंटे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

मौत से पहले बनाया था वीडियो

युवती की मौत के बाद पुलिस को उसका मोबाइल मिला। मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो सामने आया, जिसमें पीड़िता ने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी थी। इसी वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर सिरोल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म,गर्भपात कराने, धमकाने और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया। 

पंजाब के फिरोजपुर कैंट से अग्निवीर गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी विकास बघेल पंजाब के फिरोजपुर कैंट में अग्निवीर के तौर पर तैनात है। इसके बाद पुलिस टीम पंजाब पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर ग्वालियर ले आई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पीड़िता का वीडियो बयान अब इस पूरे मामले में पुलिस के लिए अहम सबूत माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m