आगरा. आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर आज यानी शनिवार सुबह कंटेनर और डंपर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई. कंटेनर चालक और वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है. हादसा खंदौली थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर हुआ.
इसे भी पढ़ें- ‘मैं तुम्हारे साथ संबंध बनाना चाहता हूं…’, कुशीनगर में महिला टीचर से छेड़छाड़
सुबह 5:45 बजे हुआ भीषण हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे गिट्टी लदे डंपर और फ्रोजन मटर से भरे कंटेनर की आमने-सामने टक्कर हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके जैसी आवाज सुनाई दी. इसके तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और ऊंची लपटें उठने लगीं. आसपास मौजूद लोगों ने अपने वाहन रोककर दूरी बना ली.
डंपर चालक और क्लीनर की जलकर मौत
पुलिस के मुताबिक, डंपर अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी टक्कर हो गई. डंपर के पीछे बाइक से आ रहे दो युवक भी हादसे की चपेट में आ गए. दोनों बाइक समेत सड़क किनारे पहुंच गए. कंटेनर चालक कूदकर बाहर निकल गया, लेकिन डंपर चालक और क्लीनर आग में फंस गए.
दोनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई. मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. घायल बाइक सवारों की पहचान सुमित सिंह और सीटू निवासी नगला जालिम, खंदौली के रूप में हुई है.
फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में बुझाई आग
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग बुझने के बाद दोनों वाहन बुरी तरह जल चुके थे. पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क से हटवाया.
इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश थमी, नदियां उफान पर: 15 नदियां खतरे के करीब; कई जिलों में बाढ़
हाईवे पर 5 किमी लंबा जाम लगा
हादसे के बाद आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया. शुरुआती जांच में डंपर चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी. कंटेनर चालक शिवराम के मुताबिक, अचानक सामने आए डंपर से बचने की कोशिश के बावजूद दोनों वाहनों की टक्कर हो गई.

