आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक पिता पर 11 माह की बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची की तलाश में पुलिस व एसडीआरएफ की टीमें जुटी हैं.

आगरा. जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को घरेलू विवाद के बाद एक पिता पर अपनी 11 माह की बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप लगा है. पुलिस ने मुख्य आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. बच्ची की तलाश में पुलिस की कई टीमें और एसडीआरएफ नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले छह-सात महीने से विवाद चल रहा था. आरोपी अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक करता था और उसे संदेह था कि 11 माह की बेटी उसकी संतान नहीं है.

छह महीने से चल रहा विवाद

भरतपुर के डीग स्थित कदिम जाटौली निवासी भूप सिंह ने अपनी बेटी लक्ष्मी की शादी 15 जून 2024 को सिकंदरा क्षेत्र के गांव नेरे निवासी रिंकू उर्फ चंद्रवीर से की थी. रिंकू खेतीबाड़ी करता है.

लक्ष्मी के जीजा सौरभ के मुताबिक, रिंकू और उसके परिजन दहेज की मांग को लेकर लक्ष्मी का उत्पीड़न करते थे. रिंकू कुछ समय से अपने ससुर पर गांव का प्लॉट उसके नाम करने का दबाव बना रहा था, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया था.

बेटी को यमुना में फेंका

बताया गया कि घटना दोपहर करीब 2 बजे की है. रिंकू लक्ष्मी को सिकंदरा में खरीदारी कराने के बहाने घर से लेकर निकला था और उनके साथ 11 माह की बेटी वंशिका भी थी.

आरोप है कि गांव से निकलने के बाद रिंकू ने यमुना के पुल पर बाइक रोक दी. उसने पहले पत्नी और बेटी के साथ मोबाइल से तस्वीरें खींचीं और फिर फोटो लेने के बहाने लक्ष्मी की गोद से बच्ची को अपनी गोद में ले लिया.

इसके बाद उसने बच्ची को यमुना में फेंक दिया. बेटी को नदी में गिरते देख लक्ष्मी चीखने लगी और बिलखकर मदद मांगने लगी.

पत्नी को भी फेंकने की कोशिश

आरोप है कि रिंकू ने इसके बाद लक्ष्मी को भी पकड़ लिया और उसे यमुना में फेंकने की कोशिश की. लक्ष्मी ने पुल की दीवार पकड़ ली और शोर मचाने लगी.

आसपास से गुजर रहे लोगों ने महिला की आवाज सुनी और मौके पर रुक गए. लोगों ने रिंकू को पकड़ लिया, लेकिन तब तक बच्ची नदी में बह चुकी थी. लोगों ने 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया.

बच्ची की तलाश जारी

पुलिस रिंकू को थाने ले गई. सूचना मिलने पर लक्ष्मी के परिजन भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने यमुना में बच्ची की तलाश कराई, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था.

बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं. एसडीआरएफ की टीम के साथ गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है.

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पिता पर 11 माह की बेटी को यमुना में फेंकने का आरोप है. उन्होंने कहा कि आरोपी के साथ उसकी पत्नी भी थी और बच्ची की तलाश जारी है.