आगरा के शाहगंज क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपती के शव घर के अलग-अलग हिस्सों में फंदे से लटके मिले. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आर्थिक तंगी समेत सभी संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी है.

आगरा. शाहगंज क्षेत्र में रविवार देर रात एक बुजुर्ग दंपती के शव घर के अलग-अलग हिस्सों में फंदे से लटके मिलने से परिवार में कोहराम मच गया. मृतकों में 65 वर्षीय शेरू और उनकी पत्नी मुन्नी देवी शामिल हैं, जिनकी उम्र भी करीब 65 वर्ष बताई गई है.

घटना सराय ख्वाजा चौकी क्षेत्र की बर्र वाली गली की है. शेरू का शव घर में बनी दुकान में फंदे पर मिला, जबकि मुन्नी देवी का शव कमरे में लटका हुआ पाया गया.

पुलिस ने भेजे शव

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

आर्थिक तंगी की आशंका

दंपती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या किए जाने की आशंका है.

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आ सकेगी.