आगरा. फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के ठार रामदास गांव में शोक संवेदना जताने पहुंचे भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का ग्रामीणों से विवाद हो गया. गांव की खराब सड़क और खड़ंजे की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने विधायक के सामने अपनी बात रखी, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई. घटना का करीब तीन मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

इसे भी पढ़ें- कटघरे में UP का कानून! अंकित बालियान की हत्या पर अखिलेश ने घेरा, कहा- ये हमला जाट समाज पर प्रहार

शोक जताने पहुंचे थे विधायक

जानकारी के मुताबिक, ठार रामदास गांव निवासी स्याहीराम की कुछ दिन पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी. बुधवार को विधायक छोटेलाल वर्मा उनके परिवार से मिलने और शोक संवेदना जताने पहुंचे थे. इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव की सड़क की खराब हालत और रास्ते की समस्या उनके सामने रखी. बताया जा रहा है कि एक महिला ने भी सड़क को लेकर विधायक से सवाल किए. बातचीत के दौरान माहौल गरमा गया और विधायक महिला पर नाराज होते नजर आए.

‘आंखें क्यों निकाल रहा है…’

वायरल वीडियो में विधायक एक ग्रामीण से नाराज होकर कहते सुनाई दे रहे हैं, “आंखें क्यों निकाल रहा है… ज्यादा दिमाग खराब हो गया है. ज्यादा कहेगा तो ठीक कर दूंगा.” इसके बाद वह कहते हैं, “जीभ चलाएगा… शर्म नहीं आती.” वीडियो में विधायक ग्रामीण को बाहर आकर बात करने के लिए कहते भी नजर आ रहे हैं. मौके पर मौजूद कुछ लोग स्थिति को शांत कराने की कोशिश करते दिखाई देते हैं.

महिला पर भी भड़के विधायक

विवाद के दौरान शोकाकुल परिवार की एक महिला भी विधायक से कुछ कहती नजर आती है. इस पर विधायक उससे भी नाराज हो जाते हैं. वीडियो में वह महिला के बातचीत करने के तरीके पर आपत्ति जताते हुए उसे बाहर आने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं. विधायक यह भी कहते हैं कि उन्हें पता है कि रूपाली नाम की महिला ने लोगों को भड़काया है. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

विधायक बोले- मुझे घेर लिया गया

वीडियो में विधायक यह कहते भी नजर आ रहे हैं कि वह ग्रामीणों की बात सुनने के लिए आए थे, लेकिन उन्हें यहां घेर लिया गया. आसपास मौजूद लोग विधायक को शांत कराने का प्रयास करते हैं. कुछ देर बाद विधायक वहां से चले जाते हैं.

पहले सपा-बसपा में भी रह चुके हैं

छोटेलाल वर्मा फतेहाबाद से भाजपा विधायक हैं. उनका राजनीतिक सफर भाजपा के साथ-साथ सपा और बसपा में भी रहा है. 2002 में वह भाजपा के टिकट पर विधायक बने थे. 2007 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने सपा का दामन थामा, लेकिन चुनाव हार गए. 2012 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने. 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में लौटे और फतेहाबाद से चुनाव जीत गए.

इसे भी पढ़ें- मुरादाबाद में 100 तेंदुओं का खौफ, 22 दिन में 3 महिलाओं की मौत

वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं

वायरल वीडियो में विधायक और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. आरोपों और वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम की पूरी तस्वीर संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही स्पष्ट होगी.