Ankit Baliyan Murder, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां गायक अंकित बालियान (Ankit Baliyan) की जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी. हमलावरों ने पिस्टल से करीब 18 से 20 राउंड गोलियां चलाईं. गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस वारदात को लेकर अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर प्रहार किया है.

अखिलेश ने एक्स पर लिखा कि ‘उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान (Ankit Baliyan) की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है. मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है. जाट समाज ने हमलावारों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है. उप्र का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है. इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है.’

इसे भी पढ़ें : योगी जी अब भोगी बन गए हैं, 27 में…कृष्णानंद राय हत्याकांड को लेकर अजय राय का हमला, महंत राजू के गाली देने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

बता दें कि वारदात शामली शहर कोतवाली क्षेत्र में आर्यपुरी नाला पटरी के पास हुई. अंकित बालियान रोज की तरह जिम गए थे. जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं. अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.

घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.