आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में 191 किलोमीटर माइलस्टोन के पास रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब दिल्ली से वाराणसी जा रही एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एंबुलेंस चालक राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मरीज समेत पांच अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया है।
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत 191 किलोमीटर माइलस्टोन के पास दिल्ली से मरीज लेकर वाराणसी की ओर जा रही एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसके चालक की घटना स्थल पर ही जान चली गई।
हादसे में 5 लोग गंभीर घायल
इस दुर्घटना में एंबुलेंस चला रहे राजेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गाड़़ी में सवार मरीज संतोष के अलावा अजीत चंद्र वर्मा, सत्यम, खुशबू और श्यामा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
राहत कार्य शुरू करते हुए यूपीडा और पुलिस टीम ने सभी घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले ड्राइवर राजेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेज दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
कोतवाल संजय शुक्ला ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक चालक के परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस की ओर से एक्सीडेंट के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


