लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार यानी आज आगरा, मैनपुरी और इटावा के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 1,286 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 239 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे.

इसके साथ ही आगरा में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ भी करेंगे. मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण योजनाओं को नई गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- गजब! मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में नवदंपतियों को मिले TMC प्रिंटेड गद्दे, मचा बवाल

आगरा में शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की होगी शुरुआत

मुख्यमंत्री का पहला कार्यक्रम आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के शिवाजी मंडपम में होगा. यहां वह मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे. इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षकों को बेहतर और कैशलेस स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है. कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, मंत्री बेबी रानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय, धर्मवीर प्रजापति सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे.

मैनपुरी में 682 करोड़ की 111 परियोजनाओं की सौगात

आगरा के बाद मुख्यमंत्री मैनपुरी पहुंचेंगे, जहां मैनपुरी और करहल विधानसभा क्षेत्रों के लिए 682 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे. नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र और टूलकिट भी वितरित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित कर सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी भी देंगे.

इटावा में 604 करोड़ की 128 परियोजनाओं का शुभारंभ

दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इटावा के नुमाइश ग्राउंड पहुंचेंगे. यहां इटावा, जसवंतनगर और भरथना विधानसभा क्षेत्रों के लिए 604 करोड़ रुपये की 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे और मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा मोड़, अब 2 IPS अफसर करेंगे जांच, सुप्रीम कोर्ट सोमवार को ले सकता है बड़ा फैसला

विकास और जनकल्याण पर रहेगा सरकार का फोकस

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, शहरी विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी. साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा. मुख्यमंत्री का यह दौरा पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.