आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन बूथों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल की शिकायत के बाद सोमवार को पुनर्मतदान कराया गया. मतदान में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर सैंया और फतेहाबाद थानों में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से होनी है.
आगरा. विधान परिषद की खंड शिक्षक निर्वाचन सीट के तीन मतदान केंद्रों पर सोमवार को दोबारा मतदान कराया गया. समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने 23 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान गड़बड़ी और बूथ कैप्चरिंग की शिकायत की थी. भारत निर्वाचन आयोग ने जांच और रिटर्निंग ऑफिसर की संस्तुति के बाद इन बूथों पर पुनर्मतदान के निर्देश दिए थे.
तीन बूथों पर पुनर्मतदान
पुनर्मतदान फतेहाबाद, सैंया और खैरागढ़ के एक-एक बूथ पर कराया गया. इन तीनों केंद्रों पर कुल 2,346 मतदाता हैं. मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित था.
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद रविवार शाम को तीन पोलिंग पार्टियां संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दी गई थीं. प्रत्येक बूथ पर तहसीलदार को पीठासीन अधिकारी और नायब तहसीलदार को प्रथम मतदान अधिकारी बनाया गया था. मतदान अधिकारी द्वितीय और तृतीय के साथ अन्य कर्मचारी भी तैनात किए गए.

मतदान पूरा होने के बाद मतपेटियों को गल्ला मंडी समिति स्थित मतगणना केंद्र ले जाकर स्ट्रांग रूम में रखा जाना था.
27 अक्टूबर को मतगणना
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप के अनुसार, आगरा खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी. दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग 14-14 टेबल लगाई जा रही हैं.
मतपेटियों को स्ट्रांग रूम से निकालने से लेकर मतगणना की प्रक्रिया तक वीडियोग्राफी कराई जाएगी. मतगणना के दौरान प्रत्येक पक्ष के दो-दो एजेंट मौजूद रहेंगे. केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहेगा और स्ट्रांग रूम की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है.
बूथ कैप्चरिंग के आरोप
23 अक्टूबर को मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायत सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप से की थी. उन्होंने फतेहाबाद, सैंया और खैरागढ़ के एक-एक बूथ पर मतपत्रों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया था. शिकायत के दौरान आकाश अग्रवाल का रोने और धर्म परिवर्तन की बात कहने वाला वीडियो भी वायरल हुआ था.

इस मामले में रविवार देर शाम सैंया और फतेहाबाद थानों में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गईं. सैंया में क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित मतदान स्थल संख्या 21 के बूथ नंबर एक को लेकर पीठासीन अधिकारी राजेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई. आरोप है कि मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद 8 से 10 लोग जबरन बूथ में घुस गए और मतपत्र छीनकर मतपेटियों में डाल दिए.
दूसरी एफआईआर फतेहाबाद स्थित क्षेत्र पंचायत कार्यालय के मतदान स्थल संख्या 26 के बूथ नंबर एक से संबंधित है. पीठासीन अधिकारी गजेश कुमार गौतम ने यह मामला दर्ज कराया. शिकायत के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे मतदाताओं और मतदान अभिकर्ताओं के बीच विवाद हुआ. इस दौरान मेज पर रखे बैलेट पेपर गिर गए और कुछ लोगों ने उन पर निशान लगा दिए.
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि फतेहाबाद थाने में छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, चुनाव में अनुचित प्रभाव या प्रतिरूपण और लोक सेवक के सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
मैदान में 12 प्रत्याशी
आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 12 प्रत्याशियों के नाम सूचीबद्ध हैं. इनमें समाजवादी पार्टी के आकाश अग्रवाल, भाजपा के हरि किशोर तिवारी और निर्दलीय प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के अलावा राहुल पाराशर, चंद्र प्रकाश, डॉ. जगवीर सिंह, दिलीप कुमार आमौरिया, धीरज सिंह, ब्रह्मजीत सिंह, मोहम्मद वसीम कलाम, रण विजय यादव और रामू प्रसाद शामिल हैं.

