आगरा कैंट जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी करने वाले आकाश और पुनीत को गिरफ्तार कर करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक पुनीत नीट क्वालीफाई कर चुका है और अपनी कैंसर पीड़ित गर्लफ्रेंड के इलाज पर करीब 80 लाख रुपये खर्च करने का दावा करता है.
आगरा. मंगलवार को कैंट जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके पास से करीब 25 लाख रुपये के चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में लखनऊ निवासी आकाश और पीलीभीत के पुरैना जहानाबाद निवासी पुनीत शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, दोनों का निशाना मुख्य रूप से एसी कोच में सफर करने वाले यात्री होते थे. रात में यात्रियों के सो जाने के बाद आरोपी बैग की चेन या सूटकेस तोड़कर सामान निकाल लेते थे.
बदलते थे चोरी का रूट
आगरा कैंट जीआरपी ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चला रही है. इसी अभियान के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा गया.
सीओ जीआरपी राजेश कुमार दीक्षित ने बताया कि दोनों आरोपी चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करते थे. पुलिस के मुताबिक, वे चोरी के लिए अलग-अलग रूट का इस्तेमाल करते थे, ताकि उनकी गतिविधियों का पता लगाना मुश्किल हो.
पुलिस के अनुसार, पुनीत ट्रेन में सवार होकर चोरी करता था, जबकि आकाश दूसरी जगह अपना वाहन लेकर उसका इंतजार करता था. चोरी का सामान लेकर दोनों वहां से फरार हो जाते थे.
नीट क्वालीफाई कर चुका है पुनीत
पूछताछ में पुनीत ने बताया कि उसने वर्ष 2017 में नीट परीक्षा क्वालीफाई की थी. हालांकि, उसके मुताबिक बाद में परीक्षा रद्द हो गई और उसने इसके बाद दोबारा परीक्षा नहीं दी.
पुनीत ने पुलिस को बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड कैंसर से जूझ रही है. उसका दावा है कि उसके इलाज पर वह करीब 80 लाख रुपये खर्च कर चुका है और इसी वजह से वह ट्रेनों में चोरी करने लगा.
क्लब और महंगे सामान पर खर्च
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ 24 से अधिक चोरी के मुकदमे दर्ज हैं. पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी की रकम का इस्तेमाल लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए करते थे.
आरोपियों के अनुसार, चोरी के पैसों से वे क्लब जाते और पार्टियां करते थे. महंगे कपड़े और जूते खरीदते थे तथा सप्ताह में दो से तीन दिन क्लब जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है.
जीआरपी दोनों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है.



