बलांगीर। किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बलांगीर जिला कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी और अनियमितताओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। प्रवर्तन टीम ने जिले के विभिन्न खाद बिक्री केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर कड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 111 खाद डीलरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि 3 विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं।
कृषि विभाग की यह कार्रवाई खाद की बिक्री में पाई गई गंभीर गड़बड़ियों के आधार पर की गई है। निरीक्षण के दौरान डीलरों द्वारा रसीद या बिल न देना, स्टॉक बोर्ड पर सही जानकारी न दर्शाना, स्टॉक रजिस्टर में अंतर और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचे जाने जैसे मामले सामने आए थे।
530 बिक्री केंद्रों की हो चुकी है जांच
जिले में कुल 948 पंजीकृत खाद विक्रेता हैं, जिनमें से 530 बिक्री केंद्रों पर प्रवर्तन टीम द्वारा जांच की जा चुकी है। कृषि विभाग का कहना है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा।
मौजूदा खरीफ सीजन में बलांगीर जिले में लगभग 1 लाख 91 हजार हेक्टेयर भूमि पर धान की खेती का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले को लगभग 74 हजार 790 मीट्रिक टन उर्वरक (खाद) की आवश्यकता है।
पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध
बलांगीर के जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह बरिहा ने किसानों को आश्वस्त करते हुए बताया कि जिले में सितंबर महीने तक के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया और अन्य खाद उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में खाद की कोई किल्लत नहीं है। किसानों को उचित मूल्य पर और बिना किसी परेशानी के खाद उपलब्ध कराने के लिए आगे भी निरंतर जांच अभियान जारी रहेगा तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


