फिल्म ‘बॉर्डर 2’ (Border) की सफलता के बाद एक्टर अहान शेट्टी (Ahan Shetty) एक बार फिर एक्शन के मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। अभिनेता अपनी अगली फिल्म ‘सनकी’ (Sanki) की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन ‘रुस्तम’ और ‘मिशन रानीगंज’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर निर्देशक टीनू सुरेश देसाई कर रहे हैं।

ज्ञानेंद्र वासुदेव द्वारा लिखी गई ‘सनकी’ मूल रूप से एक प्रेम कहानी है, जिसमें भावनाओं के साथ-साथ दमदार और जबरदस्त एक्शन भी देखने को मिलेगा। फिल्म की शूटिंग 30 अक्टूबर से भोपाल में शुरू होगी।

‘बॉर्डर 2’ में अपने अभिनय और फिल्म को मिली शानदार सफलता के बाद अहान शेट्टी (Ahan Shetty) ने अपने अगले प्रोजेक्ट्स का चयन काफी सोच-समझकर किया है। अब वह ‘सनकी’ के साथ अपनी नई पारी शुरू करेंगे। इसके बाद वह विक्रम भट्ट की फिल्म ‘1920 कोल्ड विंटर’ में नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी कुछ अन्य फिल्मों की शूटिंग भी 2027 में शुरू होने वाली है।

निर्देशक टीनू सुरेश देसाई अपनी विशाल टीम के साथ पहले ही भोपाल पहुंच चुके हैं। वह 30 अक्टूबर से शुरू होने वाली शूटिंग से पहले तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। फिलहाल फिल्म की कहानी और इसके विषय को गोपनीय रखा गया है। निर्माता आने वाले समय में फिल्म से जुड़ी जानकारियों का खुलासा धीरे-धीरे करेंगे। फिल्म ‘सनकी’ (Sanki) का निर्माण वी द पीपल, रोअरिंग रिवर प्रोडक्शंस और पाल्स एंड पीयर्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। यह फिल्म 2027 की पहली छमाही में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।