कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में एआई (AI) यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कथित दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। लश्कर क्षेत्र की एक विधवा महिला का आरोप है कि उसके चेहरे का इस्तेमाल कर फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो बनाए गए और सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। महिला ने पुलिस से शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया है और न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।

पीड़िता के मुताबिक, मुरैना जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र का रहने वाला बलदेव शर्मा उर्फ गोलू शर्मा और उसकी मां आशा देवी ने युवक की शादी के नाम पर उससे पैसों की मांग की थी। महिला का आरोप है कि जब उसने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी उससे रंजिश रखने लगा। इसके बाद कथित तौर पर महिला को लगातार फोन किए गए और अश्लील मेसेज भेजकर परेशान किया जाने लगा। पीड़ित महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने बात नहीं की, तो AI की मदद से उसके अश्लील वीडियो बनाकर व्हाट्सएप और फेसबुक पर डाल दिए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: नाबालिग लड़की को होटल ले गया शादीशुदा युवक, हिंदू जागरण मंच ने की धड़पकड़; गांजा और कई लड़कियों से चैटिंग मिलने का दावा

पीड़िता के अनुसार, बाद में उसकी असली फेसबुक आईडी हैक कर ली गई और उसके नाम से फर्जी आईडी भी बनाई गई। आरोप है कि AI टूल के जरिए उसके चेहरे का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार किए गए और रिश्तेदारों, गांव के लोगों, परिचितों को भेजे गए। इस कथित साइबर उत्पीड़न के कारण वह सामाजिक बदनामी और मानसिक परेशानी का सामना कर रही है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक और क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी को आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।

महिला का कहना है कि वह कई दिनों से पुलिस अधिकारियों और थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही। इसी निराशा में उसने न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। बहरहाल AI तकनीक का इस्तेमाल किसी की पहचान और तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उसे बदनाम करने के लिए किए जाने का यह आरोप बेहद गंभीर है। अब सवाल है कि महिला की शिकायत पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है और कथित आपत्तिजनक कंटेंट को फैलने से रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं, फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m