अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के नेतृत्व वाला आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उन्हें पद से हटा नहीं दिया जाता. उन्होंने कहा कि पार्टी पंचायत स्तर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान भी शुरू करेगी. उन्होंने कहा कि जब तक देश की चुनाव प्रणाली को निष्पक्ष और पारदर्शी नहीं बना दिया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
वेणुगोपाल ने यहां पत्रकारों से कहा कि विभिन्न राज्यों एवं जिलों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं तथा दिवाली के दौरान इनमें कुछ समय के लिए विराम दिया जा सकता है.
उन्होंने नई दिल्ली में कांग्रेस की तरफ से 1 नवंबर को आयोजित रैली को देश के सबसे जोरदार विरोध प्रदर्शनों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लड़ रही है. उन्होंने कहा कि यह कोई ऐसी लड़ाई नहीं है जिसे हम बीच में ही छोड़ देंगे.
वेणुगोपाल ने कहा कि हम इस आंदोलन को तभी समाप्त करेंगे, जब ज्ञानेश कुमार को पद से हटा दिया जाएगा और भारत की चुनाव प्रणाली एवं प्रक्रियाओं को त्रुटिहीन, निष्पक्ष तथा न्यायसंगत बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे.
वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अगले डेढ़ महीने में पंचायत स्तर पर वोट बचाओ, देश बचाओ नाम से एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगी. उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत, पार्टी हर मतदान केंद्र पर एक वोट रक्षक नियुक्त करेगी. ये लोग मतदाता सूची की जांच करेंगे, उन लोगों की पहचान करेंगे जिनके नाम हटा दिए गए हैं.
वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाने से गरीब लोग अपने वोट देने के अधिकार और विभिन्न सरकारी लाभों से वंचित हो जाएंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इकाइयां राज्यों और जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं, जबकि अन्य राजनीतिक दलों के साथ संयुक्त कार्यक्रमों की भी योजना बनाई जा रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

