रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। खराब मौसम के कारण एयरलिफ्टिंग में हुई देरी एक मरीज पर भारी पड़ गई। बुरहानपुर से इंदौर के निजी अस्पताल में रेफर की जा रही 38 वर्षीय महिला मरीज को एयरलिफ्ट करने के लिए शनिवार दोपहर भोपाल से ‘पीएमश्री एयर एंबुलेंस’ बुरहानपुर पहुंची, लेकिन उसके लैंड करने से महज आधे घंटे पहले ही मरीज ने दम तोड़ दिया। इसके बाद एयर एंबुलेंस बिना मरीज के ही वापस भोपाल लौट गई। जिले में किसी मरीज को एयर एंबुलेंस से दूसरे शहर शिफ्ट करने का यह पहला मामला था।
हृदय रोग से पीड़ित थी महिला
जानकारी के अनुसार, खकनार क्षेत्र के ग्राम मांजरोद कलां निवासी ज्योति के दिल के वाल्व खराब थे। साल 2017 में उनकी हार्ट सर्जरी भी हुई थी। बीते तीन दिनों से उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी और उन्हें स्थानीय ‘ऑल इज वेल’ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति में सुधार न होने पर परिजनों ने उन्हें इंदौर के सीएचएल अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया।
खराब मौसम के कारण शुक्रवार को रद्द हुई थी उड़ान
कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देशों पर प्रशासन पिछले दो दिनों से महिला को एयरलिफ्ट कराने के प्रयासों में जुटा हुआ था। योजना के अनुसार एयर एंबुलेंस को शुक्रवार सुबह 7 बजे ही भोपाल से बुरहानपुर पहुंचना था, लेकिन लगातार खराब मौसम और कम दृश्यत के कारण एंबुलेंस उड़ान नहीं भर सकी।
एंबुलेंस पहुंचने से 30 मिनट पहले थमीं सांसें
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पीएमश्री एयर एंबुलेंस रेणुका माता मंदिर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में बने हेलीपैड पर उतरी। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। हेलीपैड पर लैंडिंग से करीब आधा घंटा पहले ही अस्पताल में भर्ती ज्योति की मौत हो गई।
एयर एंबुलेंस के विशेषज्ञ डॉक्टर डॉ. अमन रंधावा ने बताया कि वे महिला को इंदौर ले जाने के लिए तैयार थे, लेकिन यहां पहुंचकर मरीज के निधन की सूचना मिली। वहीं बुरहानपुर सीएमएचओ डॉ. आरके वर्मा ने कहा कि दो दिनों से लगातार प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन खराब मौसम की वजह से समय पर एयरलिफ्ट करना संभव नहीं हो सका। मृतका के परिजनों ने भी माना कि प्रशासन की ओर से पूरे प्रयास किए गए थे, लेकिन अनहोनी को टाला न जा सका।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



