भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने गोरखपुर के माथाबारी गांव में विद्यार्थियों और ग्रामीणों से संवाद किया. उन्होंने ग्रामीण बालिकाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी वाग्देवी-ज्ञानवर्धन केन्द्र का शुभारंभ किया.
गोरखपुर. माथाबारी गांव का गुरुवार को भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने दौरा किया. दौरे के दौरान वायु सेना प्रमुख ने रामाश्रय ग्राम विकास केंद्र एवं सरस्वती गुरुकुल का भ्रमण किया तथा विद्यार्थियों, बच्चों और ग्रामीण समुदाय के साथ आत्मीय एवं सार्थक संवाद किया. कार्यक्रम में 50 से अधिक गांवों से आए विद्यार्थी एवं ग्रामीण सहभागी बने.
डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ
दौरे के दौरान वायु सेना प्रमुख ने ग्रामीण बालिकाओं के लिए स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी वाग्देवी-ज्ञानवर्धन केंद्र का शुभारंभ भी किया. इस लाइब्रेरी को केवल डिजिटल पुस्तकालय के रूप में नहीं, बल्कि ग्रामीण बालिकाओं के सपनों, प्रतिभा, आत्मविश्वास और संभावनाओं को नई उड़ान देने के माध्यम के रूप में विकसित किया गया है.

शिक्षा के साथ संस्कार
छात्रों को संबोधित करते हुए वायु सेना प्रमुख ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है. शिक्षा के साथ संस्कार, चरित्र, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव विकसित होना भी आवश्यक है.
उन्होंने युवाओं से अपनी भारतीय पहचान पर गर्व करने तथा स्वयं को जिम्मेदार एवं सच्चे भारतीय नागरिक के रूप में विकसित करने का आह्वान किया.
जेन अल्फा को संदेश
इस दौरान वायु सेना प्रमुख ने विशेष रूप से जेन अल्फा के बच्चों एवं युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है और आज की पीढ़ी तकनीकी युग में आगे बढ़ रही है, लेकिन तकनीकी दक्षता के साथ मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता और मजबूत चरित्र का होना भी उतना ही आवश्यक है.
छात्रों के सवालों के जवाब
इस दौरान छात्रों ने उनसे सवाल भी पूछे, जिनका वायु सेना प्रमुख ने जवाब दिया. वायु सेना प्रमुख ने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, उसके लिए रणनीति बनाकर अनुशासित ढंग से निरंतर प्रयास करने और कठिन परिस्थितियों में भी अपने संकल्प से विचलित न होने का आह्वान किया.

उन्होंने सफलता के मूल मंत्र के रूप में ‘एक सपना, एक लक्ष्य, एक प्रतिबद्धता और एक उद्देश्यपूर्ण जीवन’ की भावना पर विशेष जोर दिया. इस दौरान वायु सेना प्रमुख ने केंद्र की कार्यशैली तथा गांव के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की.
जीवन की सार्थकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने जीवन के उद्देश्य और उसकी सार्थकता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि केवल जन्म लेना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति अपने जीवन को किस उद्देश्य के साथ जीता है और समाज एवं राष्ट्र के लिए क्या योगदान देता है.
समारोह में गोरखपुर मंडल के कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह, एडीजी पुलिस राम कुमार, जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.


