पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह के मरदान में पाकिस्तानी वायुसेना का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया, जिसमें दोनों पायलटों की मौत हो गई. खास बात यह है कि पिछले एक महीने में यह पाकिस्तान का पांचवां सैन्य विमान हादसा है. इससे कुछ दिन पहले POK में Mi-17 हेलिकॉप्टर क्रैश में 22 सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी. रेस्क्यू की टीम के अनुसार विमान में सवार 2 लोगों की मौत हुई और 2 राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए.

पाकिस्तानी वायुसेना के हादसे ने पाकिस्तान को झकझोर दिया है. ऐसे हादसों के बाद सैन्य विमानों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं.

सैन्य प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त कटलंग रोड के पास जाबर नहर क्षेत्र में हुआ, जहां विमान गिरते ही आग का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया. दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया. पाकिस्तान एयर फोर्स का यह एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था.

शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था, तभी अचानक तकनीकी गड़बड़ी के बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हादसा एक CCTV फुटेज में रिकॉर्ड हो गया. विमान के क्रैश होने के बाद धुआं और आग की लपटें देखी गईं. फुटेज में देखा जा सकता है कि रोड पर लगातार गाड़ियां गुजर रही हैं. 

रेस्क्यू की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. CCTV फुटेज के अनुसार दो मोटरसाइकिल सवार गुजर रहे थे तभी यह सैन्य प्रशिक्षण विमान सीधे आकर रोड के बीच में गिरा और देखते ही रोड के बीच में आग की एक सीधी रेखा बन गई. दोनों बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ जाते हैं.

शुरुआती स्तर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m