लेफ्ट समर्थित छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की प्रमुख नेहा बोरा अपने एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। मंदिरों के पुजारियों पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। सुप्रीम कोर्ट की वकील अमिता सचदेवा ने नई दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में यह शिकायत दी है। वहीं, बीजेपी ने भी नेहा बोरा के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए उन पर निशाना साधा है।

नेहा बोरा के बयान पर विवाद, मंदिर के पुजारियों पर लगाए आरोप

दरअसल, नेहा बोरा ने कथित तौर पर कहा था कि महिलाओं को ब्राह्मणवादी व्यवस्था से सुरक्षा की जरूरत है और मंदिरों के अंदर पुजारियों द्वारा महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया जाता है। उनके इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है। धार्मिक समुदाय से जुड़े लोगों के खिलाफ ऐसी टिप्पणी को लेकर कानूनी कार्रवाई की मांग उठी है।

अमिता सचदेवा ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

सुप्रीम कोर्ट की वकील अमिता सचदेवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुजारियों के पूरे समुदाय के खिलाफ इस तरह के व्यापक और गैर-जिम्मेदाराना बयान सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सकते हैं। इससे विभिन्न समुदायों के बीच दुश्मनी बढ़ने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका है।

अमिता सचदेवा ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता संवैधानिक अधिकार जरूर है, लेकिन इसका मतलब भड़काऊ या गैर-जिम्मेदाराना बयान देने की छूट नहीं है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने बयानों के लिए जवाबदेह होना चाहिए और कानून की सीमाओं का पालन करना चाहिए।

BJP प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

इस विवाद में बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी नेहा बोरा की आलोचना की। ANI से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि नेहा बोरा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विचारधारा से प्रेरित हैं। उन्होंने राहुल गांधी के मंदिरों में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ संबंधी पुराने बयान का भी जिक्र किया।

भंडारी ने नेहा बोरा की बांग्लादेश में हुए विरोध प्रदर्शनों को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी से जुड़े राजनीतिक इकोसिस्टम में हिंदू-विरोधी मानसिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। फिलहाल, नेहा बोरा के बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद तेज हो गया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m