सोनीपत : हरियाणा की राजनीति में गठबंधन के नफा-नुकसान को लेकर जननायक जनता पार्टी (JJP) के सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला का एक बेहद चौंकाने वाला बयान सामने आया है। सोनीपत जिले के गोहाना पहुंचे अजय चौटाला ने मीडिया के सामने खुले तौर पर स्वीकार किया है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ गठबंधन करने का फैसला उनकी पार्टी के लिए आत्मघाती साबित हुआ और जनता ने चुनाव में इसकी कड़ी सजा जेजेपी को दी है।

अजय चौटाला का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे जेजेपी का अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक कबूलनामा माना जा रहा है।

“फैसला तब सही था, पर पब्लिक ने हमें धो दिया”

अजय चौटाला ने गठबंधन के फैसले पर अपनी बात रखते हुए कहा, “कई बार राजनीति में गलत और सही का आकलन तुरंत नहीं, बल्कि वक्त बीतने के बाद होता है। हम भारतीय जनता पार्टी के साथ कभी बड़े तो कभी छोटे सहयोगी के तौर पर लंबे समय से काम करते रहे हैं। जब हमने सरकार बनाने के लिए बीजेपी से हाथ मिलाया था, तब वह फैसला परिस्थितियों के हिसाब से उचित था। लेकिन प्रदेश की जनता को हमारा यह फैसला कतई मंजूर नहीं था। लोगों ने उसे गलत माना और चुनाव में हमें इसकी सख्त सजा दे दी।”

उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के हार का पूरा ठीकरा गठबंधन पर फोड़ते हुए कहा कि पार्टी ने इसका भारी खामियाजा भुगत लिया है। अजय चौटाला ने हार का गणित समझाते हुए कहा, “हमने इस चुनाव का पूरा निष्कर्ष निकाला है। जहां-जहां बीजेपी का आंदोलन और लहर थी, वहां लोगों ने बीजेपी को तो जीत दिला दी, लेकिन हमारे उम्मीदवारों को पूरी तरह हराने का काम किया। हालांकि, हम निराश नहीं हैं, हम फिर से जनता के बीच जा रहे हैं और जोरदार वापसी करेंगे।”

हुड्डा के ‘बी-टीम’ वाले आरोप पर तीखा पलटवार

जब मीडिया ने उनसे पूछा कि कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार जेजेपी को बीजेपी की ‘बी-टीम’ (B-Team) बता रहे हैं, तो अजय चौटाला ने इस पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “जो लोग वास्तव में बीजेपी की बी-टीम हैं, वे दूसरों पर उंगली उठाते हैं ताकि खुद बच सकें। ये लोग अंदरखाने मिलीभगत का खेल खेल रहे हैं। हकीकत तो यह है कि कांग्रेस स्वयं बीजेपी की बी-टीम है, जिनकी गलतियों और अंदरूनी राजनीति की वजह से आज भाजपा हरियाणा में दोबारा राज कर रही है।”

जनगणना के 33 कॉलम पर भड़के, बताया सरकार का बड़ा षड्यंत्र

राजनीतिक मुद्दों के अलावा अजय चौटाला ने सरकार की आगामी जनगणना नीति पर भी बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनगणना के फार्म में जो 33 कॉलम दिए गए हैं, वे सिर्फ आबादी गिनने के लिए नहीं हैं।

चौटाला ने सवाल उठाते हुए कहा, “जनगणना में यह पूछना तो ठीक है कि परिवार में कितने सदस्य हैं और आपकी जाति क्या है। लेकिन सरकार यह क्यों पूछ रही है कि आपके मकान में फर्श कौन सा लगा है? आपके पास गाड़ी कौन सी है? आपके घर में कितनी गाय और भैंस बंधी हैं? यह सब लोगों की आय का असल स्रोत पता लगाने की साजिश है। सरकार इस डेटा का इस्तेमाल करके गरीबों के बीपीएल (BPL) कार्ड और बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन काटने की तैयारी कर रही है। यह जनता के खिलाफ सरकार का अगला बड़ा षड्यंत्र है।”

‘जेन-जी’ का समय है, युवाओं को आगे आना होगा

युवाओं में जोश भरते हुए जेजेपी सुप्रीमो ने अपने पुराने बयानों को दोहराया और कहा कि अब दुनिया बदल चुकी है। यह ‘जेन-जी’ (Gen-Z) यानी आज के आधुनिक और जागरूक युवाओं का दौर है। उन्होंने कहा, “नौजवानों को अब पूरी तरह तैयार रहना होगा। इतिहास गवाह है कि जब-जब युवा जागा है, बड़े-बड़े तख्तापलट हुए हैं। नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में युवाओं ने ही व्यवस्था को उखाड़ फेंका था। हरियाणा के युवाओं को भी अपने अधिकारों के लिए सजग होना पड़ेगा।”

अजय चौटाला के इस बेबाक और आक्रामक बयान के बाद हरियाणा के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। जेजेपी समर्थकों ने जहां सोशल मीडिया पर इस बयान को खुलकर सपोर्ट किया है, वहीं विरोधी दल अब जेजेपी को उनके इस ‘कबूलनामे’ पर घेरने की रणनीति बना रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m