सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को अदालती आदेश पर गिराए जाने के बाद सोमवार को मस्जिद कमेटी के सदस्यों से मिलने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने हिरासत में लिया. हिरासत में लिए जाने पर अजय राय ने कहा कि दमनकारी हथकंडों और पुलिसिया बल से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता.
सतीश सिंह, लखनऊ. सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को अदालती आदेश पर गिराए जाने के बाद सोमवार को मस्जिद कमेटी के सदस्यों से मिलने के लिए निकले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने पार्टी कार्यालय के बाहर हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि दमनकारी हथकंडों और पुलिसिया बल से हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता.
इस दौरान पार्टी कार्यालय के बाहर अजय राय धरने पर भी बैठ गए. पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने को लेकर अजय राय ने कहा कि सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को ध्वस्त करने की घटना के पीड़ितों और मस्जिद कमेटी के सदस्यों से मिलने जाने से मुझे और हमारे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भाजपा सरकार के इशारे पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने पूरी तरह से तानाशाही रवैया अपनाया है.

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सीधे कहने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर हम सबको गिरफ्तार कर लिया है. सरकार यह भली-भांति सुन ले-इस तरह के दमनकारी हथकंडों और पुलिसिया बल से हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने की हमारी लड़ाई हर हाल में जारी रहेगी.
यह है मामला
बीते शनिवार को जिला न्यायालय का फैसला आने के बाद प्रशासन ने मस्जिद को बुलडोजर के जरिये गिरा दिया था. इस मामले में विपक्ष के नेताओं का कहना है कि अपील का समय दिए बगैर मस्जिद को गिराना ठीक नहीं था. तभी से विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है.



