उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मथुरा में पार्टी प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद और उनके परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की.
मथुरा. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को मथुरा पहुंचकर पार्टी के प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के आवास पर उनसे तथा उनके परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कुंवर सिंह निषाद की माताजी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी आपके सम्मान में खड़ी है.
अजय राय ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में अघोषित रूप से तानाशाही लागू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र और संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगातार हमला किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी आवाज उठाता है, अन्याय के खिलाफ बोलता है और सरकार से सवाल करता है, उसे पुलिस के माध्यम से दबाने का प्रयास किया जाता है. किसी व्यक्ति को उसके घर में पुलिस लगाकर रोक देना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

अजय राय ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुंवर सिंह निषाद द्वारा उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और उनकी माताजी के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी के संबंध में कार्रवाई की मांग की जा रही है, लेकिन कार्रवाई की मांग करने वाले व्यक्ति को ही पुलिस के माध्यम से नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री और भाजपा पर आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि महंत राजू दास द्वारा लाइव टीवी डिबेट के दौरान कुंवर सिंह निषाद एवं उनकी माताजी के प्रति कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया. यह सब कुछ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के इशारे पर किया गया.
अजय राय ने कहा कि इस पूरे मामले में निष्पक्ष और त्वरित कानूनी कार्रवाई कर राजू दास को जेल भेजना होगा. उन्होंने कहा कि कानून का राज तभी माना जाएगा जब कानून सबके लिए बराबर हो.
किसी प्रभावशाली व्यक्ति को संरक्षण और पीड़ित की आवाज को दबाने की नीति लोकतंत्र के लिए खतरनाक है. भाजपा सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर कार्रवाई की मांग करने वाले व्यक्ति को ही क्यों रोका जा रहा है?
सम्मान और अधिकारों की लड़ाई
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछड़े, दलित, वंचित और कमजोर वर्गों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी. किसी भी व्यक्ति को सत्ता के दबाव में चुप नहीं कराया जा सकता.
उन्होंने माताजी को शॉल ओढ़ाते हुए कहा कि किसी भी मां, बहन या महिला के सम्मान के साथ समझौता नहीं किया जा सकता. सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं और माताओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.
इस मौके पर प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ खड़ी रही है. यह लड़ाई केवल उनके व्यक्तिगत सम्मान की नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति की लड़ाई है जिसकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है.



