Ajmer Central Jail: राजस्थान के अजमेर स्थित केंद्रीय कारागृह में 28 अक्टूबर को मुख्य जेल प्रहरी करतार चौधरी की तलाशी के दौरान 294 संदिग्ध सफेद गोलियां मिलने का मामला सामने आया है। जेल अधीक्षक आर. अनंतेश्वरम को सूचना मिली थी कि जेल के भीतर प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाई जा रही है।

इसके बाद जेल परिसर में तलाशी ली गई, जिसमें प्रहरी की पैंट की दाहिनी जेब में रखी काले रंग की थैली से टेप में लिपटे दो पार्सल मिले। जेल प्रशासन ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। आरोपी को ड्यूटी से हटा दिया गया है, जबकि पुलिस फिलहाल जांच कर रही है।

तलाशी में मिले दो पार्सल, वजन 39.68 ग्राम

जेल अधीक्षक आर. अनंतेश्वरम के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि केंद्रीय कारागृह में कार्यरत मुख्य जेल प्रहरी करतार चौधरी प्रतिबंधित सामग्री की आपूर्ति करता है। सूचना के आधार पर उसके निवास की तलाशी ली गई। इस दौरान दो पार्सलों में कुल 294 सफेद गोलियां मिलीं, जिनका कुल वजन 39.68 ग्राम बताया गया है।

बरामद गोलियों को जेल चिकित्सक के सामने प्रस्तुत किया गया। चिकित्सक ने बताया कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गोलियां किस प्रकृति की हैं। फिलहाल उन्हें नशे की गोलियां होने की आशंका के आधार पर संदिग्ध माना जा रहा है।

जेल प्रशासन ने प्रहरी को ड्यूटी से हटाया

मामले के सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने संदिग्ध गोलियों को सील कर दिया और पुलिस को शिकायत सौंपी। घटना की जानकारी संबंधित मुख्यालय को भी भेजी गई है। प्रशासन ने मुख्य जेल प्रहरी करतार चौधरी को ड्यूटी से हटा दिया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, गिरफ्तारी अभी नहीं

सिविल लाइंस थाने के एएसआई लक्ष्मण के अनुसार, जेल अधीक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में मुख्य जेल प्रहरी की तलाशी के दौरान 294 सफेद गोलियां मिलने की जानकारी दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, आशंका है कि इन गोलियों को जेल के भीतर पहुंचाया जाना था। हालांकि, अभी करतार चौधरी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें ये खबरें