Ajmer Mayor Election 2026 में गुरुवार को नामांकन जांच के दौरान जमकर सियासी घमासान देखने को मिला। भाजपा की मेयर प्रत्याशी अनामिका शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा ने नगर निगम की बकाया राशि और NOC को लेकर सवाल उठाए। सुबह करीब 10 बजे से शाम तक निर्वाचन अधिकारी के कक्ष के बाहर दोनों दलों के नेता और समर्थक जुटे रहे। पुलिस भी मौके पर तैनात रही।

19 लाख से ज्यादा बकाया का लगाया आरोप

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि किरण गढ़वाल से जुड़े गढ़वाल पैलेस पर वर्ष 2018 से नगर निगम की 19 लाख 18 हजार 628 रुपये की राशि बकाया है। भाजपा ने दावा किया कि इस संबंध में नगर निगम की ओर से नोटिस भी जारी किए गए थे। इसी आधार पर नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई गई।

पूर्व महापौर धर्मेंद्र गहलोत भी मामले को लेकर सक्रिय रहे। उन्होंने निर्वाचन विभाग कार्यालय के बाहर ज्ञापन चस्पा कर कार्रवाई की मांग की। गहलोत ने वार्ड नंबर 4 की पार्षद मोनिका जैन के नामांकन के दौरान बकाया राशि को लेकर दर्ज हुई आपत्ति का भी हवाला दिया।

कांग्रेस ने भाजपा की आपत्ति को राजनीतिक दबाव से जोड़ते हुए प्रक्रिया पर सवाल उठाए। कांग्रेस प्रत्याशी के पति दिलीप गढ़वाल ने कहा कि नगर निगम की ओर से NOC जारी की गई थी। उनके मुताबिक NOC जारी होने से पहले निगम की ओर से 24 हजार और 27 हजार रुपये जमा कराने के लिए कहा गया था, जिसे जमा कर दिया गया था।

NOC रद्द करने की कोशिश का कांग्रेस ने लगाया आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किरण गढ़वाल का नामांकन खारिज कराने के लिए सत्ता का दबाव बनाया गया। कांग्रेस के मुताबिक पहले जारी NOC को निरस्त करने के लिए नगर निगम की ओर से एक कमेटी गठित की गई।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि NOC से जुड़ा पत्र सुनवाई खत्म होने से कुछ मिनट पहले निर्वाचन कार्यालय पहुंचाया गया। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

कई घंटे चली सुनवाई, शाम को आपत्ति खारिज

गुरुवार को निर्वाचन अधिकारी के समक्ष भाजपा की आपत्ति पर सुनवाई हुई। इसी दौरान निगम कार्यालय के बाहर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी और बहस का माहौल रहा। सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया।

सुनवाई पूरी होने के बाद भाजपा की आपत्ति खारिज कर दी गई। इसके साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल का नामांकन वैध बना रहा। कांग्रेस के अधिवक्ता विवेक पाराशर ने भी आपत्ति खारिज होने की जानकारी दी।

21 सितंबर को होगा मेयर का फैसला

अजमेर नगर निगम में मेयर पद के लिए कांग्रेस ने वार्ड 57 की पार्षद किरण गढ़वाल को और भाजपा ने वार्ड 3 की पार्षद अनामिका शर्मा को मैदान में उतारा है। दोनों ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया था।

अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस को 37, भाजपा को 32 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 11 सीटें मिली हैं। ऐसे में मेयर चुनाव के लिए निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। मतदान 21 सितंबर को प्रस्तावित है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पोस्ट में भाजपा की आपत्ति को खारिज होने के बाद इसे कांग्रेस प्रत्याशी के लिए राहत बताया और भाजपा पर जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया। यह उनका राजनीतिक दावा है।

पढ़ें ये खबरें