लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देवरिया में युवक राजू विश्वकर्मा की हत्या और उनके परिजनों पर हुए हमले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अन्याय, अत्याचार और भेदभाव चरम पर है तथा पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो
शुक्रवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि देवरिया में पीडीए समाज के युवक राजू विश्वकर्मा की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक को बचाने पहुंचे उसके छह परिजनों पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सपा नेता को जान से मारने की धमकी दी
सपा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि जब समाजवादी पार्टी के नेता एवं प्रवक्ता इंजीनियर संदीप विश्वकर्मा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे, तब प्रशासन की मौजूदगी में उन्हें अभद्रता का सामना करना पड़ा और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि प्रदेश में कानून का भय समाप्त हो चुका है।
READ MORE: राम मंदिर विवाद: पीएमओ चुप्पी तोड़े, ट्रस्ट भंग हो, कांग्रेस की केंद्र सरकार से दो टूक मांग
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि सत्ता के संरक्षण में अपराधी और दबंग गरीबों एवं कमजोर वर्गों का उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और हर दिन हत्या तथा हिंसा जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
READ MORE: वक्फ के नाम पर जमीनों पर कब्जे किए जाते थे और गरीबों को परेशान किया जाता था- CM योगी
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार में “अंश मात्र भी लोक-लाज” बची है तो उसे इस मामले में निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। अन्यथा सरकार को स्वीकार करना चाहिए कि वह अन्याय और अत्याचार पर अंकुश लगाने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पीड़ितों और गरीबों को वास्तविक न्याय तभी मिलेगा, जब भाजपा सरकार सत्ता से बाहर होगी।

