लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से चुप्पी तोड़ने को कहा है। कांग्रेस ने कहा कि मंदिर की आधार शिला रखने के साथ ही शुभारंभ का श्रेय पीएमओ ने लिया है तो फिर इस मामले पर मौन क्यो हैं।पार्टी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल भंग करने की मांग की है।

रामभक्त इस मामले में जवाब चाहते हैं

कांग्रेस के रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि करोड़ों रामभक्त इस मामले में जवाब चाहते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक मौन हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार की देखरेख में हुआ, प्राण प्रतिष्ठा समारोह का नेतृत्व प्रधानमंत्री ने किया और पूरे मंदिर निर्माण का राजनीतिक श्रेय भाजपा ने लिया, तो अब कथित अनियमितताओं के आरोपों पर सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देश के सामने आकर पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए।

READ MORE: ये राजनीतिक लाभ के लिए तो नहीं? सपा के पोस्टर में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, UP की सियासत में आएगा उबाल

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि मामले में ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों पर गंभीर सवाल उठे हैं, लेकिन कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित है। उन्होंने कहा कि इससे लीपापोती की आशंका मजबूत होती है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यदि सब कुछ पारदर्शी था तो शीर्ष पदाधिकारियों के इस्तीफे क्यों नही हुए और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने से सरकार क्यों बच रही है।

READ MORE: वक्फ के नाम पर जमीनों पर कब्जे किए जाते थे और गरीबों को परेशान किया जाता था- CM योगी

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी मांग है कि प्रधानमंत्री कार्यालय अपनी चुप्पी तोड़े और पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब दे। इसके साथ ही वर्तमान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल भंग कर धर्माचार्यों, शंकराचार्यों, अयोध्या के संतों, प्रतिष्ठित नागरिकों और स्वतंत्र विशेषज्ञों को शामिल करते हुए नया, पारदर्शी और जवाबदेह ट्रस्ट गठित किया जाए।

READ MORE: 68,500 शिक्षक भर्ती: OBC अभ्यर्थियों को 5% छूट की सिफारिश, पिछड़ा वर्ग आयोग ने सरकार को भेजी रिपोर्ट

कांग्रेस ने इसके अलावा कथित आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच तथा मंदिर में मिले चढ़ावे और चंदे और चढ़ावे का ऑडिट कराने की भी मांग की। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनकी आस्था से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है।

कांग्रेस के सनातन की ओर मुड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेक्युलर पार्टी है। पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने ही मंदिर का ताला खुलवाया था।