सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर मंच के शुद्धिकरण को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. खड़गे ने आरोप लगाया था कि उनके कार्यक्रम के बाद मंच का शुद्धिकरण किया गया. इस मामले को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भाजपा के राज में सामाजिक भेदभाव का यह निकृष्टतम रूप है कि हल्द्वानी में जिस मंच से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का संबोधन हुआ, उसका कुछ प्रभुत्ववादियों ने इसलिए शुद्धीकरण किया क्योंकि खड़गे दलित समाज से आते हैं.
इसे भी पढ़ें : मेरे स्टेज का शुद्धिकरण हुआ…खरगे का राज्यसभा में दावा, नड्डा बोले – जांच कराएंगे
अखिलेश ने भाजपा नेताओं और उनके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मंच का नहीं बल्कि अपने ‘कलुषित मन’ का गंगाजल से शुद्धीकरण करना चाहिए. अखिलेश ने सवाल उठाया कि अब तथाकथित समरसता की बात करने वाले वे लोग कहां हैं, जिन्हें समानता स्वीकार नहीं है. सपा प्रमुख ने कहा कि इस तरह के सामाजिक दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न के खिलाफ पीडीए समाज एकजुट होकर जवाब देगा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “अब पीडीए समाज अपना अपमान सहने के मूड में नहीं है.”


