सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर कहा कि आगामी चुनाव समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच ही होगा. उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा सरकार को हटाना चाहती है. प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा वंदे मातरम् के मुद्दे में लोगों को उलझाकर महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं जैसे मुद्दों को पीछे धकेलना चाहती है.
अखिलेश ने महंगाई पर हमला बोलते हुए कहा कि त्योहारों के समय भाजपा सरकार ने महंगाई और बढ़ा दी है. चीनी की कीमतें बढ़ाकर उद्योगपतियों को मुनाफा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की चिंता नहीं, बल्कि कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने की है. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बोरी में खाद चोरी होती थी, अब पूरी बोरी ही गायब हो रही है.
इसे भी पढ़ें : दोस्ती का दिखावा या सियासी मजबूरी? सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोले पंकज चौधरी, दागे तीखे सवाल
लखनऊ के बुद्धेश्वर में नगर निगम द्वारा पशुपालकों की करीब 350 भैंसें जब्त करने के मामले पर अखिलेश यादव ने प्रशासन पर अमानवीय व्यवहार और शोषण का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि डेयरी संचालकों का उत्पीड़न प्रशासन की नाकामी छुपाने का तरीका है और सरकार को यह अन्याय बंद करना चाहिए. इस मौके पर बुद्धेश्वर के डेयरी संचालकों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं. अखिलेश यादव ने पीड़ित पशुपालकों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने गोरखपुर एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि गोरखपुर एक्सप्रेसवे सात हजार करोड़ रुपये में बना, लेकिन जगह-जगह उखड़ गया. गंगा एक्सप्रेसवे ढह गया और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे भी धंस गया. उन्होंने कहा कि ऐसी सड़कों से विकास के दावे सवालों के घेरे में आ जाते हैं. शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा ने इसे बर्बाद कर दिया है. विद्यालयों की हालत खराब बताते हुए उन्होंने मांग की कि बच्चों को गर्म खाना मिलना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में खरीदे गए बर्तन आज भी इस्तेमाल हो रहे हैं और दस साल पुराने गिलास चल रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : माछ पर मचा बवाल : कांग्रेस के कार्यक्रम में मछली भोज, अजय राय बोले- भाजपा साबित कर दे तो इस्तीफा दे दूंगा
राम मंदिर में कथित चोरी का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिर के बाहर पैसे मांगने वाले भी चोरी नहीं करते, लेकिन भाजपा वालों ने राम मंदिर में चोरी कर ली. उन्होंने आरोप लगाया कि जो प्रभु श्रीराम के धन की चोरी कर सकते हैं, वे चुनाव में बेईमानी के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं. आरक्षण पर उन्होंने साफ कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण आगे भी रहेगा. जबकि सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने व्यंग्य किया कि भाजपा वाले अपनी सीटें तक नहीं बांट पा रहे थे, इसलिए उनकी सीटें उन्होंने बांट दीं.


