भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने नारी सम्मान और सनातन संस्कृति को लेकर विपक्षी दलों के रुख पर सवाल उठाया.

सतीश सिंह, लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया है कि नारी सम्मान और सनातन संस्कृति की बात करने वाले विपक्षी दलों का दोहरा चरित्र अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है.

सोमवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के अभिनंदन समारोह में कथित मछली भोज आयोजित कर सनातनी भावनाओं का उपहास किया गया. वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता शायान मसूद पर अपनी पत्नी के साथ कथित मारपीट और बर्बरता जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं.

उन्होंने कहा कि नारी सम्मान केवल मंचों से भाषण देने का विषय नहीं है, बल्कि आचरण में दिखाई देना चाहिए. आधी आबादी के सम्मान की बात करने वाले सपा नेतृत्व को अपने ही दल के नेता पर लगे इन गंभीर आरोपों का जवाब देना चाहिए.

पंकज चौधरी ने आगे कहा कि सत्ता और वोट बैंक के स्वार्थ पर बना यह गठबंधन जनता के विश्वास के सामने टिक नहीं पाएगा. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति सत्य, न्याय, मर्यादा और नारी सम्मान की संस्कृति है.

उत्तर प्रदेश की जनता ऐसे राजनीतिक पाखंड को स्वीकार नहीं करेगी.