लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशान साधा है। अखिलेश ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि जनता भी इंतजार कर रही है कि अपने वोट से इनको हटाएगी। जो लोग चुनाव नवम्बर में कराने चाहते थे, सितंबर में कर दे, हम लोग तैयार हैं।

अभी तो गुप्त दान का कोई हिसाब किताब ही नहीं

समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि मर्यादा का पहला नाम प्रभु श्री राम और दूसरा नाम संविधान। आस्था से खिलवाड़ किया है और अब लोकतंत्र से भी खिलवाड़ करने की तैयारी चल रही है। अभी तो गुप्त दान का कोई हिसाब किताब ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का जो काम है, समाजवादी पार्टी वही जिम्मेदारी निभा रही है। भाजपा सरकार ने अयोध्या में एयरपोर्ट और अन्य जगहों पर जमीन के मुआवजे में भेदभाव किया। उनके साथ अन्याय किया। उन्हें प्रताड़ित किया।

READ MORE: सत्ता में आने पर सिख समाज के सम्मान, अधिकारों और किसानों के हितों की रक्षा को देंगे प्राथमिकता : अखिलेश यादव

भारतीय जनता पार्टी थाने चला रही

अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी को न चंदा मिलने जा रहा, न दान, न चढ़ावा और न वोट मिलने जा रहा है। यही इनका जीरो टॉलरेंस है कि न्याय नहीं मिल सकता। भारतीय जनता पार्टी थाने चला रही है, हथेली गर्म पुलिस नर्म। इतना भ्रष्टाचार कभी उत्तर प्रदेश की जनता ने नहीं देखा होगा। साइबर अपराध बढ़ने के प्रश्न पर सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को ‘फ्रॉड प्रदेश’ बना दिया है। जहां भगवान का चढ़ावा तक चोरी हो जाता हो, वहां न जाने कितने जालसाज घूम रहे होंगे।