समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को औरैया के बिधूना में भाजपा और प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा. उन्होंने रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था, निवेश और सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने को लेकर सरकार पर सवाल उठाए.

सतीश सिंह, औरैया. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को औरैया के बिधूना में एक दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत की और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े को लेकर कहा कि उनके बारे में फोर एम बोला गया है. पी फॉर प्रभारी और पी फॉर पीएजीएल भी होता है.

अखिलेश यादव ने कहा कि पराया धन कैसे अपना बनाया जाता है, यह भाजपा से अच्छा कोई नहीं जानता. उन्होंने संदिग्ध चंदे का जिक्र करते हुए कहा कि कई राजनीतिक दलों के खाते में सैकड़ों करोड़ आए हैं, जिनका कोई लेना-देना नहीं. उन्होंने कहा कि ये सब पराया धन वाले और भाजपा के पाले हुए लोग हैं.

सरकार पर हमला

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान और कानून से नहीं चल रही है. यह पूरी तरह फेल है. उन्होंने कहा कि सरकार नौकरी और रोजगार नहीं दे पा रही, महंगाई कम नहीं कर पा रही, कानून-व्यवस्था ध्वस्त है और निवेश नहीं आ रहा.

उन्होंने कहा कि इसी वजह से सहारनपुर में मस्जिद गिरा दी गई. अखिलेश यादव ने भाजपा को सौहार्द विरोधी बताते हुए कहा कि जिन्होंने सहारनपुर में मस्जिद गिराई और जो लोग इसमें शामिल हैं, कानून उन्हें सजा देगा.

कार्रवाई पर सवाल

अखिलेश यादव ने सवाल किया कि अगर किसी को दूसरे कोर्ट में जाने का मौका नहीं दिया गया और 12 घंटे में कार्रवाई कर दी गई तो न्याय कैसे मिलेगा. उन्होंने पूछा कि मस्जिद गिराने की क्या जल्दी थी और अगर पक्षकार हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट चले जाते तो क्या दिक्कत होती.

उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा मस्जिद गिराए जाने से लोग दुखी हैं और चुप हैं. यही लोग मिलकर सांप्रदायिक भाजपा को हटाने का काम करेंगे.

चंदे को लेकर बयान

उन्होंने कहा कि भाजपा के गठन के समय सेकुलर दिखाने के लिए पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रस्तावक मुस्लिम बनाया गया था और सबसे ज्यादा चंदा मुस्लिमों से लिया गया था.

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारा समाज तब मजबूत होगा, जब दूसरे धर्म का सम्मान करेंगे. सच्चा सनातनी, सच्चा संत और सच्चा हिंदू कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता.

उन्होंने प्रदेश की स्थिति पर कहा कि एक्सप्रेस-वे टूट रहे हैं, सड़कों पर गड्ढे हो रहे हैं, भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है तथा बजट की लूट हो रही है. उन्होंने कहा कि बिधूना में फोरलेन सड़क वही तक सीमित रह गई.

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर हैं. पुलिस अन्याय कर रही है और डायल 100 बर्बाद कर दिया गया है.

जीडीपी पर आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जीडीपी के सही आंकड़े नहीं बता रही. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी है, डीजल-पेट्रोल महंगा है, मिलावट हो रही है और चीनी के दाम बढ़ गए हैं.

अखिलेश यादव ने कहा कि लगता है जीडीपी शून्य है. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का गठबंधन उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने जा रहा है.

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सौ दिन से ज्यादा नहीं बचे हैं. इसलिए भाजपा के लोग सामान समेट रहे हैं, पेमेंट हो रहे हैं और 60 प्रतिशत तक कमीशन चल रहा है.

एआई को लेकर बयान

एआई के इस्तेमाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा निम्नतम स्तर पर पहुंचकर एआई का खेल खेल रही है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा करेगी तो समाजवादी पार्टी एआई के माध्यम से इलाज कर देगी.

उन्होंने कहा कि एआई अच्छाई के लिए होना चाहिए, बुराई के लिए नहीं. भाजपा एक वीडियो बनाएगी तो विपक्ष चार बनाएगा. उन्होंने कहा कि कीचड़ उछालने से पहले अपना हाथ गंदा होगा.

राम-कृष्ण पर बोले

एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि जो राम हैं, वही कृष्ण हैं, इनमें कोई भेद नहीं. उन्होंने कहा कि जब प्रभु श्रीराम के मंदिर में चोरी हुई तो बाबा साहब के बनाए संविधान और कानून का सहारा लेना पड़ा.