लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक वीडियो साझा कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोधी और निषाद समाज के नेताओं व जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाकर भाजपा ‘पीडीए समाज’ को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है. अखिलेश ने इसे लोकतांत्रिक राजनीति के बजाय ‘लठतांत्रिक’ तरीका बताया और कहा कि भाजपा की नकारात्मक राजनीति अब नहीं चलेगी.

इसे भी पढ़ें- DJ जरुरी या श्री गणेश? तेज आवाज को लेकर पुलिस ने टोका तो भड़के लोग, भीड़ ने किया पथराव, सांसद भी लपेटे में

लोधी-निषाद नेताओं को लेकर सरकार पर आरोप

अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि कभी लोधी तो कभी निषाद समाज के नेताओं और जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाया जा रहा है. उनका आरोप है कि इसके जरिए पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के बीच भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए सपा प्रतिबद्ध है.

2024 के लोकसभा चुनाव का भी किया जिक्र

सपा प्रमुख ने भाजपा पर 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद कथित तौर पर हताश होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा अब लोकतांत्रिक तरीकों के बजाय ‘लठतांत्रिक’ रास्ता अपनाना चाहती है. अखिलेश ने यह भी दावा किया कि भाजपा की सामाजिक बंटवारे की राजनीति का दौर समाप्त हो रहा है.

राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर हमला

अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले और शंकराचार्य को लेकर सामने आए विवादों का भी जिक्र किया. उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए. हालांकि, राम मंदिर चढ़ावा मामले में पुलिस की जांच जारी है और आठ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. पुलिस आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी कर रही है.

इसे भी पढ़ें- 2022 में मिला मुख्यमंत्री आवास, अब चला बुलडोजर; श्रावस्ती में 9 परिवारों के सामने बड़ा सवाल

‘सामाजिक न्याय का राज’ लाने का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ‘सामाजिक न्याय का राज’ स्थापित कर ‘बंधुराष्ट्र’ बनाने के लिए संकल्पबद्ध है. उन्होंने युवाओं के लिए सकारात्मक सोच पर आधारित ‘Neo-India’ की बात कही. उनके मुताबिक, इसमें कमजोर, शोषित, वंचित और उत्पीड़ित वर्गों को समान अवसर मिलना चाहिए. अखिलेश ने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी. ये उनके राजनीतिक दावे और मूल्यांकन हैं.