संत कबीर नगर. बखिरा थाना क्षेत्र के अमरदोभा चौराहे पर गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस में हंगामा होने का मामला सामने आया है. जहां डीजे जब्ती की कार्रवाई आक्रोशित लोगों ने बखेड़ा खड़ा कर दिया. उपद्रवियों ने पास से गुजर रहे सपा सांसद को भी लपेटे में ले लिया. आक्रोशित लोगों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया.
जानकारी के मुताबिक गणेश विसर्जन जुलूस बखेरा कस्बे से शुरू होकर अमरदोभा चौराहे से होते हुए धोधया नहर की ओर बढ़ रहा था. आरोप है कि इसी बीच रात करीब 11:45 बजे पुलिस टीम ने मानक से ज्यादा तेज ध्वनि में बज रहे डीजे को जब्त कर थाने ले जाने की बात कही. इससे जुलूस में नाच रहे लोग भड़क गए. लोग सड़क पर बैठकर ही प्रदर्शन करने लगे. जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी हो गई.
इसे भी पढ़ें : विधायक पूजा पाल से साइबर ठगी, बैंक खाते से UPI के जरिए निकाले 1.55 लाख
इन सबके बीच सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद का काफिला वहीं से गुजर रहा था. जिसे देखकर सड़क पर जुटी उग्र भीड़ ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया. देखते ही देखते माहौल और बिगड़ा और भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों ने सांसद की गाड़ी पर पथराव कर दिया. जिसमें सांसद की गाड़ी का शीशा टूट गया. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और सांसद को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
इधर घटना के मद्देनजर एसपी संदीप मीना और एएसपी सुशील कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ अमरदोभा चौराहे पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और विसर्जन जुलूस को आगे रवाना कराया. एसपी के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सांसद के वाहन को सुरक्षा प्रदान की और उन्हें सुरक्षित निकाला. स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है.
इसे भी पढ़ें : BJP विधायक को ग्रामीणों ने बीच रास्ते घेरा! गाड़ी से उतरने तक की नहीं मिली जगह, पायदान पर लटककर सुननी पड़ी शिकायतें
पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस प्रशासन निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वाले फरार ऑपरेटर की तलाश कर रहा है. वहीं, सांसद की गाड़ी पर हमले और तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.



