प्रयागराज. कौशाम्बी की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल साइबर ठगी का शिकार हो गईं. उनके बैंक खाते से 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच फोनपे और यूपीआई के जरिए कई बार में करीब 1 लाख 55 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी हुई. मामले की जानकारी 14 सितंबर को बैंक स्टेटमेंट देखने के बाद हुई. विधायक की शिकायत पर प्रयागराज के धूमनगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- हाईवे पर गोलियों की गूंज! जमीन कब्जेदारी के खूनी संघर्ष में 5 गिरफ्तार

खाते से कई बार में निकाली गई रकम

पूजा पाल का धूमनगंज स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में बैंक खाता है. शिकायत के मुताबिक, 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच खाते से कई बार यूपीआई के जरिए रकम निकाली गई. जब 14 सितंबर को उन्होंने खाते का विवरण देखा तो ऐसे कई लेनदेन सामने आए, जिनकी जानकारी उन्हें पहले नहीं थी.

मोबाइल में सेंध की जताई आशंका

विधायक ने आशंका जताई है कि उनके आईफोन में अनधिकृत तरीके से प्रवेश किया गया और उसके बाद बैंकिंग तथा निजी डेटा का दुरुपयोग हुआ. हालांकि, मोबाइल में किस तरह सेंध लगी और रकम किस माध्यम से निकाली गई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस इन सभी पहलुओं की तकनीकी जांच कर रही है.

ट्रांजेक्शन आईडी और UPI की होगी जांच

पूजा पाल ने साइबर क्राइम पुलिस से 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच हुए सभी फोनपे और यूपीआई लेनदेन की जांच कराने का अनुरोध किया है. उन्होंने ट्रांजेक्शन आईडी, बैंक खाते और मोबाइल फोन का तकनीकी ऑडिट कराने की भी मांग की है. पुलिस इन लेनदेन और संबंधित यूपीआई आईडी की जानकारी जुटा रही है.

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में बीजेपी का मिशन-2027 मंथन, विनोद तावड़े ने दिया बूथ मजबूत करने का मंत्र

रकम वापस कराने और निकासी रोकने की मांग

विधायक ने खाते से भविष्य में होने वाली किसी भी अनधिकृत निकासी को रोकने और करीब 1.55 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है. शिकायत की प्रतियां साइबर क्राइम थाना, धूमनगंज थाना और संबंधित बैंक शाखा के प्रबंधक को भी दी गई हैं. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति, डिवाइस और यूपीआई आईडी की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.