गोरखपुर. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी ने संगठन स्तर पर गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी जगदीश पटेल ने गोरखपुर क्षेत्र के 62 विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ चार सत्रों में बैठक की. बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच नियमित संवाद पर चर्चा हुई.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल के दौरान कनपटी पर मारी गोली, दोस्तों से बोला- कभी बात नहीं कर पाऊंगा

बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर

पहले सत्र में क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला महामंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ जिले से लेकर बूथ तक संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई. तावड़े ने कहा कि चुनावी तैयारी केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली प्रक्रिया होनी चाहिए. उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं के फीडबैक को भी महत्वपूर्ण बताया.

मीडिया और सोशल मीडिया टीम से भी संवाद

दूसरे सत्र में मीडिया और सोशल मीडिया प्रभारियों के साथ बैठक हुई. इसमें पार्टी के अभियानों और कार्यक्रमों की जानकारी समयबद्ध, तथ्यपरक और प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने पर चर्चा हुई. डिजिटल प्लेटफॉर्म में हो रहे बदलावों के बीच त्वरित सूचना और जनसंवाद पर जोर दिया गया.

सांसद-विधायकों से संगठन के तालमेल पर चर्चा

तीसरे सत्र में सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ संगठन के समन्वय को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई. चौथे सत्र में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व महापौर और पूर्व नगर निकाय अध्यक्ष शामिल हुए. बैठक में जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने और संगठन की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.

इसे भी पढ़ें- ‘अब आरक्षण की जरूरत नहीं’, मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने रखी अपनी राय

19-20 सितंबर को अयोध्या जाएंगे तावड़े

गोरखपुर के बाद विनोद तावड़े 19 और 20 सितंबर को अयोध्या में संगठन की बैठकें करेंगे. इसके बाद 21 और 22 सितंबर को प्रयागराज में काशी क्षेत्र की बैठक प्रस्तावित है. इन दौरों में क्षेत्रीय और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ संगठन की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.