लखनऊ. राजधानी के बिजनौर इलाके में शुक्रवार (18 सितंबर 2026) दोपहर 25 वर्षीय युवक करन यादव की मौत से सनसनी फैल गई. करन जालिम खेड़ा गांव के पास जंगल में गंभीर हालत में मिला था. पुलिस के मुताबिक, वह एक युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था. घटनास्थल से पिस्टल और संदिग्ध जहरीले पदार्थ की शीशियां मिलने के बाद पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- ‘अब आरक्षण की जरूरत नहीं’, मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने रखी अपनी राय
ड्यूटी जाने की बात कहकर घर से निकला था
रायसिंह खेड़ा निवासी करन वृंदावन कॉलोनी में एक व्यक्ति की कार चलाता था. शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह ड्यूटी जाने की बात कहकर बाइक से निकला था. दोपहर करीब एक बजे जालिम खेड़ा गांव के पास जंगल में वह अचेत अवस्था में मिला. उसकी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी, जबकि वह करीब 100 मीटर अंदर पड़ा था.
घटनास्थल से पिस्टल और दवा की शीशियां मिलीं
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और करन को लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, उसके सिर में गोली लगी थी और मुंह से झाग निकल रहा था. मौके से पिस्टल, पानी व कोल्डड्रिंक की बोतल, डिस्पोजल गिलास और दवा की दो खुली शीशियां मिलीं. पिस्टल को पुलिस ने अवैध बताया है.
प्रेमिका से वीडियो कॉल पर था करन
इंस्पेक्टर कपिल गौतम के मुताबिक, शुरुआती जांच में करन के एक युवती से प्रेम संबंध की जानकारी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि घटना के समय वह युवती से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था. पुलिस कॉल डिटेल के जरिए युवती और बातचीत से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है.
इसे भी पढ़ें- फर्जी प्रमाणपत्र से सरकारी नौकरी मिली तो नियुक्ति शुरू से शून्य, इलाहाबाद HC का बड़ा फैसला
दोस्तों को भी भेजे थे परेशान होने के संदेश
पुलिस के अनुसार, करन ने घटना से पहले अपने कुछ दोस्तों से भी बातचीत की थी और परेशान होने की बात कही थी. दोस्तों के मुताबिक, उसने संकेत दिया था कि वह अब उनसे बात नहीं कर पाएगा. पुलिस अब प्रेम संबंध, संदिग्ध जहरीले पदार्थ और अवैध पिस्टल उसके पास पहुंचने की परिस्थितियों की जांच कर रही है. परिवार की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.



