कुलदीप सिंह, फतेहपुर. थरियांव थाना क्षेत्र के हसवां हाईवे पर जमीन की कब्जेदारी को लेकर हुई खूनी संघर्ष, मारपीट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी 12 बोर की गन, कारतूस, स्कॉर्पियो और महिंद्रा XUV-500 कार बरामद की है.
बताया जा रहा है कि 16 सितंबर को थरियांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत हसवां हाईवे पर पीएनसी गोदाम के पास जमीन की कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ था. इस दौरान गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी. इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर थरियांव थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था.
इसे भी पढ़ें : लखनऊ में गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल के दौरान कनपटी पर मारी गोली, दोस्तों से बोला- कभी बात नहीं कर पाऊंगा
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन थाना थरियांव पुलिस व सर्विलांस टीम अपराधियों की धरपकड़ में जुटी थी. विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित करते हुए 17 सितंबर को पुलिस ने पांचों आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तार अभियुक्त रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 12 बोर की एक लाइसेंसी एसबीबीएल गन, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है. पुलिस जांच में यह लाइसेंसी गन मुख्य आरोपी रिंकू सिंह के नाम पर ही पंजीकृत पाई गई है.
रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह निवासी- लोहारी, थाना हुसैनगंज पूर्व में भी संगीन मुकदमे दर्ज हैं. बलराम मिश्रा निवासी- सेवरामऊ, थाना गाजीपुर, पुत्तू उर्फ नरेन्द्र निवासी- खलीलपुर मजरे अब्दुल्लापुर घूरी, थाना थरियांव, गुड्डू पटेल निवासी- सैनीपुर मलौनी, थाना मलवां, शिवकुमार निवासी- मसवानी, थाना कोतवाली, सभी आरोपी फतेहपुर के हैं. पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की है. वहीं मुख्य आरोपी रिंकू सिंह पर आर्म्स एक्ट (धारा 27/30) की बढ़ोतरी करते हुए सभी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.



