सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस-नहस करने का आरोप लगाया. उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहने और 2027 का चुनाव जीतने की तैयारी करने को कहा.

सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र की दुश्मन है. वह लोकतांत्रिक व्यवस्था को तहस-नहस करने पर उतारू है. उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक गैंग और बेईमान लोगों का गिरोह है. नफरत फैलाने को अपनी सफलता मानती है. ऐसे में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा से सावधान रहना है.

बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को धोखा दिया है. समाजवादी सरकार में बनाई गई सिग्नेचर बिल्डिंग, जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को बेच दिया.

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है. भाजपा ने समाजवादी सरकार में बनाई गई कई सरकारी चीजों को बेच दिया. प्लासियो मॉल, किसान बाजार, कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट समेत कई चीजें बेच दी.

विकास को बर्बाद करने का आरोप

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार में प्रदेश में जो विकास हुआ है, उसे भाजपा सरकार बर्बाद करना चाहती है. भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में कोई काम नहीं किया. दस साल की सरकार में भाजपा के लोगों ने भ्रष्टाचार और बजट की लूट के सिवा कोई काम नहीं किया.

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बने हाईवे और एक्सप्रेसवे में भारी भ्रष्टाचार हुआ. जल जीवन मिशन में पानी की टंकियां लगातार टूट रही हैं. पानी की टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार का भार नहीं सहन कर पा रही हैं. प्रदेश में हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट है.

जनता को गुमराह करने का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कोई काम नहीं करती है. विरोधी दलों, विशेष तौर पर समाजवादी पार्टी पर अनर्गल आरोप लगाकर बदनाम करने की साजिश करती है और जनता को गुमराह करती है.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता के बीच रहना है. व्यवहार और भाषा में शिष्टाचार होना चाहिए. जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार है. 2027 में चुनाव जीतना ही है.

उन्होंने कहा कि जनता को भाजपा के कुशासन से छुटकारा मिलेगा. इसीलिए भाजपा समाजवादी पार्टी और पीडीए से घबराई हुई है.