सहारनपुर. यूपी में अखिलेश यादव की ‘चवन्नी’ टिप्पणी को लेकर सपा और आरएलडी के बीच सियासी टकराव बढ़ता जा रहा है. अब आरएलडी प्रवक्ता मलूक नागर ने सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए श्याम लाल पाल को ‘मंदबुद्धि’ तक कह दिया.
इसे भी पढ़ें- वाराणसी में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचेंगे सीएम योगी, गंगा-वरुणा का करेंगे हवाई सर्वे; राहत शिविर में बांटेंगे सामग्री
‘दो कौड़ी का अध्यक्ष’ बोलकर साधा निशाना
मलूक नागर ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी का ‘दो कौड़ी का अध्यक्ष’ समाज को चेताने की बात करता है, लेकिन उसे समाजवादी पार्टी के इतिहास की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह की समाजवादी पार्टी के गठन में भूमिका रही है और श्याम लाल पाल को इसका पता नहीं है.
2022 की जीत में RLD की भूमिका का दावा
आरएलडी प्रवक्ता ने 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा को मिली सफलता में अपनी पार्टी की भूमिका का भी जिक्र किया. उनका कहना था कि उस समय आरएलडी के साथ गठबंधन का सपा को फायदा मिला था. इसी मुद्दे को लेकर दोनों दलों के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है.
सपा ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप
मलूक नागर के बयान को सपा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए इसके पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया. सपा ने कहा कि भाजपा अपने गठबंधन सहयोगियों के जरिए दलित और पिछड़े समाज का अपमान करवा रही है. पार्टी ने दावा किया कि पाल-गडरिया समाज भाजपा के खिलाफ एकजुट हो रहा है और PDA के साथ खड़ा है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर एक्टिव मानसून, 22 जिलों में येलो अलर्ट; 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
‘चवन्नी’ बयान से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, अखिलेश यादव ने आरएलडी को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था कि उन्होंने ‘चवन्नी को उठाकर रुपया बना दिया’. इस बयान को आरएलडी और पश्चिमी यूपी के जाट समुदाय के अपमान से जोड़कर देखा गया. इसके बाद से आरएलडी लगातार सपा पर हमलावर है. हाल ही में सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में आरएलडी की ‘स्वाभिमान रैली’ हुई, जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी भी परिवार के साथ पहुंचे. इसी मंच से मलूक नागर ने सपा पर निशाना साधा.



