वाराणसी. वाराणसी में गंगा और वरुणा के बढ़े जलस्तर से बने बाढ़ के हालात का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री शाम 4 बजे के बाद आजमगढ़ से वाराणसी आएंगे. यहां वह हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे.

इसे भी पढ़ें- गोरखनाथ मंदिर में आधी रात गूंजा ‘नंद घर आनंद भयो’, CM योगी ने झुलाया लड्डू गोपाल; राधा-कृष्ण बने बच्चों को दिए गिफ्ट

गंगा-वरुणा के बाढ़ क्षेत्रों का होगा हवाई निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचने के बाद अधिकारियों के साथ हेलीकॉप्टर से पहले वरुणा और फिर गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे. इस दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र झा समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. अधिकारी मुख्यमंत्री को बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी देंगे.

अधिकारियों से लेंगे राहत-बचाव की जानकारी

हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को करीब से देखेंगे और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे. माना जा रहा है कि निरीक्षण के बाद वह अधिकारियों को प्रभावित लोगों की मदद और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकते हैं.

राहत शिविर में लोगों से करेंगे मुलाकात

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से शिवपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज पहुंचेंगे. यहां बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का जायजा लेने के साथ वह वहां रह रहे लोगों से बातचीत करेंगे. मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री भी वितरित करेंगे. इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे.

इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर एक्टिव मानसून, 22 जिलों में येलो अलर्ट; 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

विश्वनाथ धाम और काल भैरव में करेंगे दर्शन

राहत शिविर के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री काल भैरव मंदिर और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद वह सड़क मार्ग से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और विशेष विमान से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.